बलरामपुर: महिला का सामूहिक दुष्कर्म, ऊपर से किया पेशाब
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में एक 48 वर्षीय महिला सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय क्रूरता का शिकार हो गई. शनिवार की रात जब पीड़िता अकेले अपने घर लौट रही थी, तभी गांव के ही तीन युवकों ने उसे जबरन दबोच लिया.
आरोपी महिला को सड़क किनारे एक खेत में खींच ले गए, जहां उन्होंने पीड़िता की ही साड़ी से उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ बारी-बारी से दरिंदगी की. हैवानियत यहीं नहीं रुकी, दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़िता के ऊपर पेशाब भी किया.
यह पूरी घटना उस समय हुई जब महिला शनिवार शाम को अपने खेत की जुताई के पैसे देकर पैदल घर वापस आ रही थी. रास्ते में शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया. इस दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर पास के एक राहगीर ने तत्परता दिखाई और तुरंत डायल-112 को इसकी सूचना दी.
पुलिस की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, तो पुलिस वाहन को आता देख तीनों आरोपी वहां से भाग निकले. इसके बाद पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित निकाला. चूंकि आरोपी उसी के गांव के रहने वाले थे, इसलिए पीड़िता ने तुरंत उनकी पहचान तुलसीदास साहू, चरकू साहू और राजकुमार खेरवार के रूप में कर ली.
घटना के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आया और रविवार को मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने भी घटनास्थल का दौरा कर अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, वारदात वाले सुनसान इलाके में अक्सर शराबी और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. इस पूरे मामले पर बलरामपुर के एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.