भारत में इंजेक्टेबल कॉस्मेटिक्स पर रोक: CDSCO ने जारी की सख्त एडवाइजरी
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने देश में बढ़ते सौंदर्य उपचारों और एस्थेटिक प्रोसीजर्स के बीच एक बड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है. नियामक ने साफ किया है कि भारत के मौजूदा कानूनों के तहत इंजेक्शन के रूप में दिए जाने वाले कॉस्मेटिक उत्पादों की बिल्कुल भी अनुमति नहीं है.
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब शहरी भारत में सोशल मीडिया के आक्रामक प्रचार के कारण बिना सर्जरी वाले एस्थेटिक और कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट का चलन तेजी से बढ़ रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, इस स्पष्टीकरण का मुख्य उद्देश्य सौंदर्य प्रसाधनों के गलत इस्तेमाल को रोकना, भ्रामक विज्ञापनों पर लगाम लगाना और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
नियामक ने स्पष्ट किया कि कानून के अनुसार कॉस्मेटिक्स केवल शरीर पर मलने, छिड़कने या लगाने के लिए होते हैं ताकि आकर्षण को बढ़ाया जा सके.
इंजेक्शन के रूप में आने वाले उत्पाद सौंदर्य प्रसाधनों की श्रेणी में नहीं आते हैं और किसी भी उपभोक्ता, पेशेवर या एस्थेटिक क्लीनिक को इनके इस्तेमाल की इजाजत नहीं है.
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और कॉस्मेटिक्स रूल्स, 2020 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) द्वारा प्रतिबंधित सामग्री की सूची भी जारी की गई है, और जनता से अपील की गई है कि वे ऐसे किसी भी उल्लंघन की शिकायत ईमेल के जरिए अधिकारियों से करें.