IIT रुड़की में छात्रों और कर्मचारियों के राजनीतिक पोस्ट पर रोक
नई दिल्ली । डेस्क: आईआईटी रुड़की ने अपने छात्रों और कर्मचारियों को सार्वजनिक मंचों एवं सोशल मीडिया पर राजनीतिक राय व्यक्त न करने की कड़ी हिदायत जारी की है. संस्थान का यह कदम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में आया है.
आईआईटी रुड़की के रजिस्ट्रार प्रशांत गर्ग द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में संस्थान के आचार एवं आचरण नियमों का हवाला दिया गया है. पत्र में स्पष्ट किया गया है कि बिना पूर्व अनुमति के किसी भी छात्र या कर्मचारी को राजनीतिक चर्चाओं, आंदोलनों या गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति नहीं है.
संस्थान प्रशासन का कहना है कि ऐसे किसी भी सार्वजनिक बयान या सोशल मीडिया टिप्पणी से बचना अनिवार्य है, जो संस्थान और केंद्र सरकार के बीच संबंधों को प्रभावित या असहज कर सकती हो.
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने संस्थान के इस आदेश पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि छात्रों से उनके संवैधानिक अधिकारों को छीनने का प्रयास न किया जाए.
सांसद ने इस पत्र को तुरंत वापस लेने और माफी मांगने की मांग करते हुए छात्रों को अपने अधिकारों के पक्ष में खड़े रहने की अपील की है.