शुक्र, 13 नव. 2026

CGKhabar

बस्तर: संतान प्राप्ति के नाम पर दंपति से 1.5 करोड़ रुपये की ठगी

C

CG Khabar

01 जुल. 2026, 04:53 PM 3 मिनट में पढ़ें 17

महिला आयोग-जगदलपुर
महिला आयोग-जगदलपुर

जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र के हाट कचौरा में रहने वाले एक सरकारी कर्मचारी दंपति को संतान प्राप्ति का झांसा देकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये ठग लिए गए. इस मामले में राज्य महिला आयोग के निर्देश के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.


पीड़ित दिनेश कुमार रामटेक, जो तहसील कार्यालय में लिपिक हैं, और उनकी पत्नी निर्मला रामटेके की शादी साल 2008 में हुई थी. शादी के कई साल बाद तक संतान न होने के कारण यह दंपति दरभा ब्लॉक के कामानार में पदस्थ वनरक्षक डमरू राम नायक और उसकी पत्नी शिखा नायक के संपर्क में आया. आरोपी वनकर्मी और उसकी पत्नी ने झाड़-फूंक और विशेष पूजा-पाठ के जरिए संतान प्राप्ति का दावा किया और इसके एवज में पैसों की मांग शुरू कर दी.

विज्ञापन


साल 2015 से लेकर 2021 तक, अलग-अलग स्थानों पर पूजा-पाठ कराने और तांबे, पीतल व रुद्राक्ष की माला देने के नाम पर आरोपी दंपति लगातार पैसे वसूलते रहे. इस बीच साल 2017 में पीड़ित दंपति को संतान की प्राप्ति हुई, जिसे आरोपियों ने अपना चमत्कार बताया और ठगी का सिलसिला जारी रखा. 


बीते 6 सालों में पीड़ितों से किश्तों में करीब 1.5 करोड़ रुपये ऐंठ लिए गए. यह पूरी रकम नगद (कैश) में ली गई थी, जिसका हिसाब पीड़ित दंपति ने अपनी एक डायरी में लिख रखा था.


जब लगातार पैसों की मांग बढ़ती गई, तब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ. उन्होंने जब अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी वनकर्मी और उसकी पत्नी ने बदसलूकी करते हुए साफ इनकार कर दिया. पीड़ितों का आरोप है कि ठगी की इस रकम से आरोपियों ने एक नई अर्टिगा कार, जगदलपुर के आड़ावाल में एक आलीशान घर और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर खरीदे हैं.


पैसे वापस न मिलने पर पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत राज्य महिला आयोग में की. जिला कलेक्ट्रेट में मामले की सुनवाई के दौरान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने वनरक्षक डमरू राम नायक और उसकी पत्नी शिखा नायक को प्रथम दृष्टया दोषी पाया. 


आयोग ने बस्तर एसपी को पत्र लिखकर बोधघाट थाने में तुरंत एफआईआर दर्ज करने के लिखित आदेश जारी किए, जिसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को थाने ले आई.


मामले पर बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि महिला आयोग से लिखित निर्देश मिलने के बाद पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है. चूंकि लेनदेन पूरी तरह से कैश में हुआ है और कोई ऑनलाइन ट्रांजैक्शन नहीं है, इसलिए पुलिस डायरी में दर्ज विवरण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है. जांच पूरी होते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
SIR- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़: मतदाता सूची में नाम जोड़ने व सुधार 11 दिसंबर तक, 4 जनवरी को अंतिम प्रकाशन

18 घंटे पहले

स्वच्छता अभियान- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1

एक दिन पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा

एक दिन पहले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

1 सप्ताह पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

1 सप्ताह पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

1 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP