बंगाल मतगणना: SC ने खारिज की TMC की याचिका, तैनात रहेंगे केंद्रीय कर्मचारी
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में होने वाली मतगणना के दौरान केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों की तैनाती को चुनौती देने वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) की याचिका पर हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है. जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जस्टिस जोयमाल्या बागची की विशेष पीठ ने शनिवार को सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग द्वारा जारी 13 अप्रैल का सर्कुलर नियमों के विरुद्ध नहीं है और इसे पूरी तरह लागू किया जाएगा.
अदालत ने चुनाव आयोग के उस आश्वासन को दर्ज किया जिसमें कहा गया था कि मतगणना प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए राज्य सरकार के कर्मचारियों के साथ-साथ केंद्रीय कर्मचारियों को भी तैनात किया जाएगा.
आयोग ने यह भी साफ किया कि रिटर्निंग ऑफिसर, जो एक राज्य सरकार का कर्मचारी होता है, पूरी प्रक्रिया पर नियंत्रण रखेगा और प्रत्येक टेबल पर एक राज्य कर्मचारी और एक केंद्रीय कर्मचारी की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी.
सुनवाई के दौरान टीएमसी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने चुनाव आयोग के इस कदम पर सवाल उठाए थे, लेकिन अदालत ने तर्कों को खारिज करते हुए कहा कि मतगणना प्रक्रिया में माइक्रो-ऑब्जर्वर के रूप में पहले से ही केंद्रीय अधिकारी मौजूद रहते हैं.
जस्टिस बागची ने टिप्पणी की कि चुनाव आयोग का यह निर्णय उसकी 'विषयगत संतुष्टि' के दायरे में आता है और राजनीतिक दलों के काउंटिंग एजेंटों की मौजूदगी में पारदर्शिता बनी रहेगी. कलकत्ता हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को निस्तारित कर दिया, जिससे अब राज्य में 4 मई को होने वाली मतगणना का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है.