गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

भोपाल: त्विशा शर्मा सुसाइड केस में CBI जांच, AIIMS Delhi से पोस्टमार्टम की मांग

C

CG Khabar

19 मई 2026, 02:48 PM 2 मिनट में पढ़ें 13

त्विशा शर्मा
त्विशा शर्मा

भोपाल । डेस्क: पूर्व मॉडल त्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला गहराता जा रहा है. भोपाल के एम्स अस्पताल में करीब आठ दिनों से त्विशा का पार्थिव शरीर रखा हुआ है, क्योंकि उनके परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया है. 


मृतका के परिवार ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर खामियों का आरोप लगाते हुए इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से कराने की मांग की है.

विज्ञापन


इस बीच, भोपाल पुलिस ने कथित आत्महत्या के इस मामले में जांच तेज कर दी है और त्विशा के फरार पति समर्थ सिंह की तलाश में जुटी है, जिसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया है. दूसरी ओर, दोनों पक्षों की तरफ से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं.


त्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनके दामाद का परिवार काफी प्रभावशाली है, जो प्रशासनिक व्यवस्था और जांच को प्रभावित करने की क्षमता रखता है. 


उन्होंने कहा कि उनके पीड़ित परिवार को लगातार सार्वजनिक हमलों और मनगढ़ंत कहानियों का निशाना बनाया जा रहा है. शर्मा परिवार ने मध्य प्रदेश से बाहर की किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने और एम्स दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग रखी है.


वहीं दूसरी तरफ, मृतका की सास और सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपनी दिवंगत बहू की जीवनशैली पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने दावा किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट केवल सनसनी फैलाने के लिए तैयार की गई है. 


गिरिबाला सिंह के मुताबिक, त्विशा अक्सर बिना बताए घर से बाहर चली जाती थीं. हालांकि, उनके वकील ने जिला अदालत में कहा है कि उन्हें दोबारा पोस्टमार्टम या किसी भी एजेंसी से जांच कराने पर कोई आपत्ति नहीं है.


गौरतलब है कि पेशे से वकील समर्थ सिंह से शादी के महज पांच महीने बाद, बीती 12 मई को त्विशा का शव उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला था, जिसके बाद से ही उनका पति फरार है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP