संघ का मूल कार्य समाज को एकजुट करना है- मोहन भागवत
भोपाल । डेस्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि गणवेश पहनने और शारीरिक अभ्यास करने के बावजूद संघ कोई अर्धसैनिक संगठन नहीं है. शुक्रवार, 2 जनवरी 2026 को भोपाल में प्रबुद्ध जनों की एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ को भारतीय जनता पार्टी (BJP) या विद्या भारती जैसे सहयोगी संगठनों के आइने में देखना एक बड़ी भूल होगी.
उन्होंने कहा कि संघ एक अनूठा संगठन है जिसे समझने के लिए गहराई में जाना आवश्यक है.
मोहन भागवत ने संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशव्यापी प्रवास का जिक्र करते हुए कहा कि आज संघ के खिलाफ 'झूठा नैरेटिव' बनाया जा रहा है. उन्होंने लोगों को आगाह किया कि वे विकिपीडिया जैसी सूचनाओं पर निर्भर रहने के बजाय विश्वसनीय स्रोतों से जानकारी जुटाएं.
मोहन भागवत ने स्पष्ट किया कि संघ किसी के विरोध या प्रतिक्रिया में पैदा नहीं हुआ है और न ही यह किसी से प्रतिस्पर्धा कर रहा है. उन्होंने कहा कि संघ का मूल कार्य समाज को एकजुट करना और नागरिकों में वे संस्कार और गुण विकसित करना है जिससे भारत दोबारा कभी विदेशी शक्तियों का गुलाम न बने.
इतिहास का उल्लेख करते हुए सरसंघचालक ने कहा कि भारत को अतीत में कई बार विदेशी आक्रमणकारियों ने हराया, जबकि वे संख्या और संसाधनों में कम थे. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता को सुरक्षित रखने के लिए समाज को स्वार्थ से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा.
उन्होंने 'मानसिक गुलामी' को समाप्त करने पर जोर देते हुए लोगों से अपने भजन, भोजन और स्वदेशी वस्तुओं पर गर्व करने का आह्वान किया.
स्वदेशी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए 'आत्म गौरव' जरूरी है. उन्होंने केवल देश में बनी वस्तुओं के उपयोग की वकालत की ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके.
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वदेशी का अर्थ दुनिया से व्यापार बंद करना नहीं है, बल्कि अपनी शर्तों पर और केवल अनिवार्य वस्तुओं का आयात करना है.
अंत में उन्होंने लोगों को आमंत्रित किया कि वे संघ को करीब से समझने के लिए स्वयं 'शाखा' में आएं, क्योंकि जैसे चीनी का स्वाद चखकर ही पता चलता है, वैसे ही संघ को भी अनुभव से ही समझा जा सकता है.