भूपेश बघेल ने नक्सलवाद के दावों को बताया 'सफेद झूठ'
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता भूपेश बघेल ने नक्सली उन्मूलन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किए गए दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. बघेल ने शाह के बयानों को 'सफेद झूठ' करार देते हुए मांग की है कि देश के गृह मंत्री को इस तरह के गलत आंकड़े पेश करने के लिए प्रदेश की जनता से फौरन माफी मांगनी चाहिए.
पूर्व सीएम ने चुनौती देते हुए कहा कि सरकार जमीन पर सुरक्षा बलों के कैंप और नेताओं की सुरक्षा हटाकर दिखाए, तब असलियत सामने आ जाएगी कि राज्य वाकई नक्सलमुक्त हुआ है या नहीं.
अमित शाह के बयानों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता ने अपनी पूर्ववर्ती सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में कोंडागांव को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त कराया गया था और आदिवासियों को जमीन के पट्टे सौंपकर मुख्यधारा से जोड़ा गया था.
बघेल ने मौजूदा भाजपा सरकार से तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि वे बताएं कि अब तक कितने नक्सलमुक्त ग्राम पंचायतों को वादे के मुताबिक एक-एक करोड़ रुपये की राशि दी गई है. इसके साथ ही उन्होंने भाजपा की मवेशी वितरण जैसी योजनाओं को पहले भी पूरी तरह नाकाम और आगे भी फ्लॉप बताया.
बस्तर की जनता को गुमराह करने वाले अमित शाह के बयान पर तीखा तंज कसते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि दिल्ली से कोई और नहीं, बल्कि बस्तर के संसाधनों के लिए उद्योगपति अदाणी आने वाले हैं. वहीं, प्रदेश के मंत्री अरुण साव द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि साव को कोई भी गंभीरता से नहीं लेता और वे केवल भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं.