NDTV के संस्थापकों को बड़ी राहत: दिल्ली हाई कोर्ट ने रद्द की IT कार्यवाही, लगाया जुर्माना
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली हाई कोर्ट की एक खंडपीठ ने एनडीटीवी (NDTV) के संस्थापक प्रणय रॉय और राधिका रॉय के खिलाफ आयकर विभाग द्वारा शुरू की गई पुनर्मूल्यांकन कार्यवाही को सोमवार को रद्द कर दिया. जस्टिस दिनेश मेहता और जस्टिस विनोद कुमार की पीठ ने न केवल विभाग के नोटिसों को खारिज किया, बल्कि आयकर विभाग को फटकार लगाते हुए दोनों याचिकाकर्ताओं को एक-एक लाख रुपये का हर्जाना देने का भी निर्देश दिया.
अदालत ने इस मामले में सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि हालांकि इन मामलों के लिए कोई भी राशि पर्याप्त नहीं मानी जा सकती, फिर भी विभाग पर यह सांकेतिक जुर्माना लगाया जा रहा है.
यह मामला करीब एक दशक पुराना है, जिसमें आयकर विभाग ने आरोप लगाया था कि रॉय दंपत्ति के स्वामित्व वाली कंपनी आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड को ब्याज मुक्त ऋण दिए गए थे.
रॉय दंपत्ति ने 2017 में इस आधार पर अदालत का रुख किया था कि एक ही आकलन वर्ष के लिए बार-बार कार्यवाही करना कानून का उल्लंघन है.
उन्होंने दलील दी थी कि विभाग ने 2011 में भी इसी मामले की जांच की थी और 2013 में आदेश पारित कर दिया था, ऐसे में दोबारा वही मुद्दा उठाना केवल 'राय बदलना' मात्र है, जिसकी कानून अनुमति नहीं देता.
हाई कोर्ट ने उनकी दलीलों को स्वीकार करते हुए बंद हो चुके मामले को फिर से खोलने की विभाग की याचिका को पूरी तरह खारिज कर दिया.