सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

बीजापुर: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 10 मवेशियों की मौत

C

CG Khabar

17 मई 2026, 06:12 AM 2 मिनट में पढ़ें 16

गाय
गाय

बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में भैरमगढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम पोन्दुम में गाज गिरने से 10 दुधारू व अन्य मवेशियों की असमय मौत हो गई. शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुए इस हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र के पशुपालकों और ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है. अचानक बदले मौसम और कड़कड़ाती बिजली ने चंद पलों में ही कई परिवारों की आजीविका के मुख्य साधन को छीन लिया.


बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह सभी मवेशी गांव के पास एक खुले मैदान और खेतों में चर रहे थे. इसी बीच अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे मवेशियों के झुंड पर आ गिरी. इस आकाशीय आपदा की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सभी 10 मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. 

विज्ञापन


इस घटना में लक्ष्मण हपका, बुधराम हपका और दशरथ बघेल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जिनमें से प्रत्येक के दो-दो मवेशियों की जान गई है. इसके अलावा पिंकी बघेल, सुंदरी हपका, आसमती हपका और मन्नू हपका का भी एक-एक मवेशी इस हादसे का शिकार हुआ है.


पशुपालन पर पूरी तरह निर्भर इन आदिवासी परिवारों के सामने अब भरण-पोषण का बड़ा संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों के अनुसार, मवेशियों के अचानक चले जाने से उन्हें भारी आर्थिक क्षति पहुंची है, जिससे उबर पाना उनके लिए बेहद मुश्किल है. 


संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि घटना स्थल का जल्द से जल्द आधिकारिक सर्वे कराया जाए और प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार तत्काल उचित मुआवजा व आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की जाए. Symbolic Photo

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP