बीजापुर: सड़क न होने से 7 KM खाट पर ढोकर एम्बुलेंस तक पहुंचा मरीज
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ को पूरी तरह 'नक्सल मुक्त क्षेत्र' घोषित किए तीन महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अंदरूनी इलाकों में बुनियादी सुविधाएं आज भी कोसों दूर हैं. ऐसा ही एक झकझोर देने वाला मामला बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक के सुदूर गांव रायगढ़ से सामने आया है. यहां रविवार (19 जुलाई) की देर रात सड़क न होने के कारण सरकारी '108' एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी.
सांस लेने में तकलीफ से जूझ रहे मरीज सावन मरकाम की जान बचाने के लिए ग्रामीणों और एम्बुलेंस कर्मचारियों के पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था. मजबूरी में उन्होंने एक खाट को उल्टा किया, उसे रस्सियों के सहारे एक लाठी से बांधा और मरीज को उस पर लेटाकर खेतों और पथरीले रास्तों से होते हुए करीब सात किलोमीटर पैदल यात्रा की.
मुख्य सड़क तक पहुंचने के बाद मरीज को एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल ले जाया गया.
यह घटना सुदूर ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क कनेक्टिविटी के दावों की पोल खोलती है. आपातकालीन स्थिति में भी गांवों तक वाहनों का न पहुंच पाना मरीजों की जान को सीधे जोखिम में डाल रहा है.
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि रायगढ़ गांव के लिए जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और मरीज को इस तरह खाट पर न ढोना पड़े. मॉनसून के मौसम में यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब बीमारों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचाना लगभग असंभव हो जाता है.
बीजापुर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. रत्न ठाकुर ने बताया कि सांस लेने में तकलीफ के कारण भर्ती कराए गए मरीज सावन मरकाम का जिला अस्पताल में इलाज किया गया. अब उनकी हालत में सुधार है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.