बिलासपुर सेंट्रल जेल: कैदी ने भट्ठी में कूदकर की आत्महत्या, न्यायिक जांच के आदेश
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर स्थित सेंट्रल जेल में दोहरे हत्याकांड के दोषी एक कैदी ने जेल के बायोमास-बेस्ड गैसीफायर प्लांट की भट्ठी में कूदकर जान दे दी. मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के बाम्हनीडीह निवासी राहुल उर्फ विकेश कंवर (46) के रूप में हुई है, जो साल 2016 से जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था.
घटना बुधवार शाम की है, जब जेल की रसोई से जुड़ा बायोमास गैसीफायर प्लांट चालू था. इसी दौरान विकेश कंवर अचानक दौड़ता हुआ आया और सीधे जलती भट्ठी में छलांग लगा दी. जब तक वहां मौजूद जेलकर्मी और अन्य कैदी उसे बाहर निकाल पाते, तब तक गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और अन्य वरिष्ठ जेल अधिकारी तुरंत जेल परिसर पहुंचे. फॉरेंसिक विशेषज्ञों और पुलिस की टीम ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं. शुरुआती जांच में मामला खुदकुशी का माना जा रहा है, हालांकि घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं.
गौरतलब है कि बिलासपुर सेंट्रल जेल में पिछले डेढ़ महीने के भीतर यह किसी कैदी की मौत का पांचवां मामला है. इससे पहले 23 जून को एक कैदी ने दूसरे कैदी की हत्या कर दी थी, जबकि तीन अन्य कैदियों की बीमारी और हादसे में आई चोटों के कारण मौत हो चुकी है. लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.