नई बाइक का बीमा कराने में देरी, शोरूम को देना होगा 15 लाख हर्जाना
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने एक ऑटोमोबाइल डीलर की बड़ी लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए पीड़ित महिला को 15 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. यह मामला लोर्मी तहसील के ग्राम झालक की रहने वाली राजेश्वरी यादव की शिकायत पर आधारित है, जिनके पति मुकेश कुमार यादव की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी.
मामले की सुनवाई के दौरान पाया गया कि डीलर 'गैलेक्सी मोटर्स' ने वाहन की डिलीवरी तो 28 अक्टूबर 2019 को कर दी थी, लेकिन प्रीमियम राशि लेने के बावजूद उसका बीमा समय पर सक्रिय नहीं कराया.
दुर्भाग्यवश, वाहन खरीदने के अगले ही दिन 29 अक्टूबर को मुकेश यादव एक हादसे का शिकार हो गए, जिसमें उनकी जान चली गई. जब बीमा क्लेम की प्रक्रिया शुरू हुई, तो खुलासा हुआ कि डीलर ने पॉलिसी 4 नवंबर 2019 से प्रभावी करवाई थी, जिसके कारण दुर्घटना के समय वाहन का कोई बीमा कवर मौजूद नहीं था.
आयोग ने स्पष्ट किया कि बिना बीमा के वाहन सौंपना न केवल सेवा में गंभीर कमी है, बल्कि यह अनुचित व्यापार प्रथा की श्रेणी में आता है.
आयोग ने डीलर को आदेश दिया है कि वह शिकायतकर्ता को 15 लाख रुपये की मुआवजा राशि पर 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ भुगतान करे. इसके अतिरिक्त, मानसिक कष्ट के लिए 10,000 रुपये और वाद व्यय के रूप में 5,000 रुपये अलग से देने का निर्देश दिया गया है.