बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

बाल सुधार गृह में चौकीदार की हत्या कर चार बंदी फरार

C

CG Khabar

13 जुल. 2026, 11:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 17

हत्या
हत्या

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सरकंडा थाना क्षेत्र के नूतन चौक पर स्थित शासकीय बाल सुधार गृह में ड्यूटी पर तैनात नाइट चौकीदार की बंधक बनाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद वहां विभिन्न गंभीर मामलों में बंद चार नाबालिग मौके से फरार हो गए. इस घटना के बाद से पूरे प्रशासनिक और पुलिस अमले में हड़कंप मच गया है.


जांच में यह बात सामने आई है कि यह पूरी वारदात पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा थी. सुधार गृह में बंद चार नाबालिगों ने ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी को अपना निशाना बनाया. उन्होंने सबसे पहले कर्मचारी के हाथ-पैर और मुंह को कपड़े से पूरी तरह बांध दिया ताकि वह शोर न मचा सके और न ही खुद का बचाव कर पाए. 

विज्ञापन


इसके बाद उन्होंने पीट-पीटकर उनकी जान ले ली. वारदात को अंजाम देते ही चारों बंदी वहां से भाग निकले. पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, फरार होने वाले नाबालिगों में से तीन रायगढ़ और एक कोरबा जिले का रहने वाला है, जो हत्या, मारपीट और छेड़खानी जैसे संगीन मामलों में यहां बंद थे.


इस घटना ने बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था और वहां की निगरानी प्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस संस्थान को नाबालिगों के व्यवहार में सुधार और उनके पुनर्वास के लिए बनाया गया था, वहीं इस तरह के जघन्य अपराध का होना और बंदियों का आसानी से भाग जाना पूरी व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है. 


मृतक कर्मचारी के परिजनों ने भी प्रबंधन की भूमिका पर तीखे सवाल उठाए हैं. परिजनों का आरोप है कि कुछ महीने पहले कर्मचारी की ड्यूटी कमिश्नर कार्यालय में लगाई गई थी, लेकिन उन्हें वहां के लिए कार्यमुक्त नहीं किया गया, जिसके चलते वे यहीं ड्यूटी कर रहे थे. परिजनों ने सुरक्षा में चूक के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.


इधर, वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की आला टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है. 


सुधार गृह के अन्य कर्मचारियों और परिजनों से भी इस संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने फरार नाबालिगों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर संभावित ठिकानों पर रवाना कर दी हैं. फिलहाल पूरी मुस्तैदी के साथ आरोपियों की तलाश की जा रही है और सुरक्षा में हुई इस भारी चूक के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP