बंगाल और असम में BJP की जीत लोकतंत्र की विजय: मुख्यमंत्री साय
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए को मिले "ऐतिहासिक जनादेश" की सराहना करते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्रवाद की जीत बताया है. मुख्यमंत्री ने 'X' पर एक पोस्ट के माध्यम से इन राज्यों की जनता को जागरूक और विकासोन्मुख बताते हुए बधाई दी और कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, सुशासन और 'विकसित भारत' के संकल्प में जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है.
उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता को तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और भय की राजनीति पर विकास की जीत करार दिया और इसका श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम व अमित शाह के मार्गदर्शन को दिया.
राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी इस प्रदर्शन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भाजपा ने 'हिंदी पट्टी' की पार्टी होने की पारंपरिक छवि को तोड़कर पूर्वोत्तर और अन्य क्षेत्रों में विस्तार किया है, जिसका भारतीय राजनीति पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा.
छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने बंगाल में पार्टी की संभावित सरकार को जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 'एक राष्ट्र, एक संविधान' के सपने के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया.
उन्होंने असम में लगातार तीसरी बार जीत की ओर बढ़ते कदमों को मुख्यधारा के विकास एजेंडे की स्वीकृति और पुडुचेरी के परिणामों को सेवा की जीत बताया है. इन नेताओं के अनुसार, इन चुनावी नतीजों ने छत्तीसगढ़ सहित देश भर के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है.