17 साल से कर रही हैं योगाभ्यास जैकलिन फर्नांडीज
मुंबई । मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीज फिट रहने के लिए कई तरीके अपनाती हैं. नियमित योगाभ्यास के अलावा वह जिम में भी समय बिताती हैं. अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीज अपने निजी और पेशेवर जीवन को समान रूप से संतुलित कर रही हैं. अभिनेत्री नियमित रूप से कसरत करती हैं और उनका आहार स्वस्थ खाद्य पदार्थों से भरा रहता है.
हाल ही में जैकलिन ने अपनी फिटनेस और डाइट को लेकर कई अनसुनी बातें सार्वजनिक की हैं.
बॉलीवुड में 17 साल बिता चुकीं जैकलिन ने बताया है कि जब वह श्रीलंका से भारत आईं, तो उन्होंने नियमित रूप से योगाभ्यास शुरू किया. अभिनेत्री के अनुसार, ''योग ने मेरी ज़िंदगी ही बदल दी थी. जो लोग फिट रहना चाहते हैं, उन्हें अपने दिन की शुरुआत योगाभ्यास से ही करनी चाहिए.''
हालांकि, योगाभ्यास के साथ-साथ जैकलिन जिम में भी समय बिताती हैं. 'हाउसफुल' फिल्म की अभिनेत्री ने बताया कि वह सप्ताह में 3 दिन जिम में बिताती हैं. इस रूटीन में शरीर के ऊपरी और निचले हिस्सों का व्यायाम शामिल होता है. इसके अलावा, जैकलिन सप्ताह में 4 दिन योगाभ्यास करती हैं.
जैकलिन कहती हैं, ''इस साल मैं थोड़ा वज़न (वेट) के साथ कसरत करने की कोशिश कर रही हूँ.''
जैकलिन ने बताया कि वह सुबह 7 बजे उठती हैं. उसके बाद वह कोई स्वास्थ्यवर्धक पेय पीती हैं. जैकलिन के अनुसार, ''मैं सुबह चाय या कॉफ़ी नहीं पीती हूँ. हालाँकि, एक समय था जब मैं सुबह उठने के बाद कॉफ़ी पीती थी.''
जैकलिन ने बताया कि वह अब सुबह 1 लीटर इन्फ्यूज्ड पानी पीती हैं. यानी, उस पानी में नींबू के टुकड़े, पुदीने के पत्ते और सी सॉल्ट मिला होता है. जैकलिन कहती हैं, ''सुबह उठने के बाद शरीर में खनिजों की कमी पूरी करने के बाद मैं योगाभ्यास शुरू करती हूँ.''
जैकलिन सुबह इस पेय के माध्यम से अपना उपवास तोड़ती हैं. कसरत के बाद वह नाश्ता करती हैं.