बाम्बे हाई कोर्ट: पत्नी का घर का काम न करना क्रूरता नहीं
मुंबई । डेस्क: बाम्बे हाई कोर्ट ने एक बेहद महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि पत्नी द्वारा खाना बनाने या सफाई जैसे घरेलू काम न कर पाना क्रूरता की श्रेणी में नहीं आता. अदालत ने स्पष्ट किया कि शादी बराबरी की साझेदारी है, कोई 'सर्विस कॉन्ट्रैक्ट' नहीं है और पत्नियों को 'मजबूर नौकरानी' नहीं समझा जा सकता.
जस्टिस भारती डांगरे और जस्टिस मंजूषा देशपांडे की पीठ ने पति की तलाक की याचिका को खारिज करते हुए बांद्रा फैमिली कोर्ट के उस पुराने आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें पति को तलाक की मंजूरी दी गई थी और पत्नी को गुजारा भत्ता देने से इनकार किया गया था.
हाई कोर्ट ने घरेलू कामों को लेकर उपजे विवादों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ये शादियों के शुरुआती दिनों के सामान्य उतार-चढ़ाव हैं, जिन्हें क्रूरता का रूप नहीं दिया जा सकता.
अदालत के मुताबिक, हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत 'क्रूरता' साबित करने के लिए व्यवहार में लगातार अपमान, गंभीर और निरंतर आक्रामक रवैया होना चाहिए, जिससे साथ रहना असंभव हो जाए. इस मामले में पति द्वारा लगाए गए आरोप बेहद सामान्य थे और उनके पक्ष में कोई ठोस सबूत नहीं थे.
इसके साथ ही, हाई कोर्ट ने फैमिली कोर्ट द्वारा पत्नी को गुजारा भत्ता न देने के फैसले को भी पलट दिया. फैमिली कोर्ट ने पत्नी के 'आर्ट एंड क्राफ्ट' क्लास के एक विज्ञापन के आधार पर मान लिया था कि वह आत्मनिर्भर है, लेकिन हाई कोर्ट ने पाया कि इससे नियमित आय का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिलता.
दूसरी ओर, पति एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) है और उसकी आर्थिक स्थिति बेहतर है. अदालत ने पति को निर्देश दिया कि वह पत्नी को प्रति माह 10,000 रुपये गुजारा भत्ता और रहने की व्यवस्था के लिए अलग से 10,000 रुपये प्रति माह का भुगतान करे. 2002 में हुई इस शादी के बाद दोनों महज कुछ महीने ही साथ रहे थे, जिसके बाद साल 2004 में पति ने तलाक के लिए अर्जी दी थी.