ओडिशा में पादरी पर 'बर्बर' हमला, कांग्रेस ने अमित शाह को लिखा पत्र
नई दिल्ली । डेस्क: ओडिशा के ढेंकानाल जिले में एक ईसाई पादरी पर हुए हमले को लेकर अब सियासत गरमा गई है. कांग्रेस के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस घटना पर "गहरा दुख" जताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
वेणुगोपाल ने इसे "सार्वजनिक लिंचिंग" और "बर्बरता" करार देते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं धार्मिक अल्पसंख्यकों के मन में डर पैदा कर रही हैं.
यह घटना 4 जनवरी को परजंग गांव की है, जहां पादरी बिपिन बिहारी नायक अपने घर पर प्रार्थना सभा कर रहे थे. आरोप है कि लगभग 40 लोगों की भीड़, जिनमें कथित तौर पर बजरंग दल के कार्यकर्ता शामिल थे, ने घर को घेर लिया और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की.
कांग्रेस नेता के अनुसार, पादरी को न केवल पीटा गया बल्कि उनका चेहरा सिंदूर से रंगा गया, उन्हें जूतों की माला पहनाई गई और पूरे गांव में परेड कराई गई. पत्र में यह भी दावा किया गया है कि पादरी को जबरन गोबर खिलाया गया और नाले का पानी पीने को मजबूर किया गया.
वेणुगोपाल ने प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि 'जबरन धर्मांतरण' के निराधार आरोपों के आधार पर की जा रही यह भीड़ हिंसा सहन नहीं की जा सकती.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की चुप्पी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जिसके चलते गांव के सात ईसाई परिवारों को डर के मारे पलायन करना पड़ा है. कांग्रेस ने गृह मंत्रालय से मामले की समयबद्ध स्वतंत्र जांच कराने और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा व पुनर्वास प्रदान करने का आग्रह किया है.