बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

पति की निर्मम हत्या, पत्नी और उसके प्रेमी को उम्रकैद की सजा

C

CG Khabar

09 जुल. 2026, 01:57 PM 3 मिनट में पढ़ें 13

कोर्ट
कोर्ट

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नाजायज ताल्लुकातों को छिपाने के लिए एक पत्नी ने अपने ही सुहाग का अंत कर दिया था. इस खौफनाक वारदात में महिला और उसके प्रेमी को अदालत ने दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. इसके साथ ही दोनों दोषियों पर आर्थिक दंड भी लगाया गया है.


यह पूरा मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है. दरअसल, मृतका सहोद्रा राठिया का टीकाराम उर्फ बन सागर राठिया नाम के शख्स के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. टीकाराम का महिला के घर आना-जाना था, जिसकी भनक महिला के पति विशेश्वर राठिया को लग चुकी थी. अपने इस राज को हमेशा के लिए दफन करने के लिए दोनों प्रेमियों ने मिलकर विशेश्वर को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली.

विज्ञापन


सिर पर सिल-लोढ़े से किया था वार


घटना वाली रात यानी 12 फरवरी 2020 को विशेश्वर अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पुराने मकान में सो रहा था. आधी रात को सहोद्रा और टीकाराम ने मिलकर विशेश्वर के सिर पर ईंट और भारी सिल-लोढ़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इसके बाद वारदात को हादसे का रूप देने के लिए सहोद्रा ने अपने परिजनों को बताया कि विशेश्वर कहीं बाहर से गिरकर आया है और चोटिल हो गया है. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज


शुरुआत में इस मामले को महज एक दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आते ही पुलिस के होश उड़ गए. डॉक्टरों ने साफ किया कि विशेश्वर की मौत हादसे से नहीं बल्कि सिर पर भारी वस्तु से हमला करने के कारण हुई है. इसके बाद अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्कालीन थाना प्रभारी अमित शुक्ला ने मामले की बारीकी से तफ्तीश शुरू की, जिसमें पत्नी और उसके प्रेमी का काला सच उजागर हो गया.


अदालत ने सुनाया कड़ा फैसला


विवेचना पूरी होने के बाद मामला अपर सत्र न्यायाधीश अभिषेक शर्मा की अदालत में पहुंचा. सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक राजेश सिंह ठाकुर ने गवाहों और सबूतों को पुरजोर तरीके से पेश किया. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने पत्नी सहोद्रा राठिया और उसके प्रेमी टीकाराम को हत्या का मुख्य दोषी पाया. अदालत ने दोनों को उम्रकैद और एक-एक हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई. इसके साथ ही माननीय न्यायालय ने विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पीड़ित परिवार को 1 लाख रुपये का मुआवजा देने की भी सिफारिश की है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP