2050 तक दुनिया में दोगुनी होगी भीषण गर्मी, भारत पर सबसे बड़ा खतरा
नई दिल्ली । डेस्क: ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा 'नेचर सस्टेनेबिलिटी' जर्नल में प्रकाशित एक ताज़ा शोध ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है. इस रिपोर्ट के अनुसार, यदि जीवाश्म ईंधन (fossil fuels) का उपयोग इसी तरह जारी रहा, तो साल 2050 तक भीषण गर्मी का सामना करने वाली वैश्विक आबादी दोगुनी हो सकती है.
वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले 25 वर्षों में यदि वैश्विक तापमान में 2°C की वृद्धि होती है, तो लगभग 3.79 अरब लोग अत्यधिक गर्मी की चपेट में होंगे, जबकि 2010 के अनुमानों में यह संख्या 1.54 अरब थी.
इस रिपोर्ट में भारत को दुनिया के उन सबसे संवेदनशील देशों में गिना गया है, जहाँ गर्मी का प्रकोप सबसे अधिक होगा. अध्ययन के प्रमुख लेखक जीसस लिजाना के अनुसार, भारत, नाइजीरिया, इंडोनेशिया और पाकिस्तान जैसे देशों में आबादी का एक बड़ा हिस्सा '3,000 से अधिक कूलिंग डिग्री डेज' (CDD) वाली परिस्थितियों में रहेगा. यह स्तर अत्यधिक और लंबे समय तक चलने वाली गर्मी का संकेत है, जहाँ जीवित रहने और सुरक्षित रहने के लिए एयर कंडीशनिंग और कूलिंग की भारी मांग बढ़ेगी.
प्रोफेसर राधिका खोसला ने इस रिपोर्ट को दुनिया के लिए एक 'वेक-अप कॉल' बताया है. उनका कहना है कि 1.5°C की सीमा को पार करना शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती और प्रवासन पर अभूतपूर्व प्रभाव डालेगा.
वहीं, जलवायु विशेषज्ञ अंजल प्रकाश ने चेतावनी दी कि भारत के उत्तरी हिस्सों में लू और वायु प्रदूषण का दोहरा संकट गहरा सकता है, जिससे स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था को गंभीर नुकसान होगा.
रिपोर्ट के अनुसार, जहाँ एक ओर मध्य अफ्रीकी गणराज्य और ब्राजील जैसे देशों में कूलिंग की जरूरत बढ़ेगी, वहीं कनाडा और रूस जैसे ठंडे देशों में हीटिंग की आवश्यकता कम हो जाएगी.