बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

पीएम मोदी को 'देशद्रोही' कहना कांग्रेस का राजनीतिक दिवालियापन- साय

C

CG Khabar

21 मई 2026, 01:45 AM 2 मिनट में पढ़ें 17

सीएम साय
सीएम साय

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई 'देशद्रोही' वाली टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है. बुधवार को जारी एक बयान में सीएम साय ने राहुल गांधी के इस बयान को कांग्रेस की "हताशा, राजनीतिक दिवालियापन और संकीर्ण मानसिकता" का परिचायक बताया.


मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय भाषा के इस्तेमाल की कड़े शब्दों में निंदा की. उन्होंने कहा कि लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस बौखला गई है और इसी हताशा में वह लोकतांत्रिक मर्यादाओं की सारी सीमाएं लांघ रही है. 

विज्ञापन


साय ने जोर देकर कहा कि जिस नेतृत्व ने आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का दृढ़ता से सामना किया, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत किया और वैश्विक मंच पर भारत का मान बढ़ाया, उनके खिलाफ ऐसी अभद्र भाषा का प्रयोग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.


सीएम साय ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैसे संवैधानिक पद केवल किसी व्यक्ति विशेष के नहीं, बल्कि देश की गरिमा और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रतीक होते हैं. 


उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध स्वाभाविक है, लेकिन इसकी आड़ में अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है. 


मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश की 140 करोड़ जनता पीएम मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में सुरक्षित और प्रगतिशील भारत को देख रही है, और कांग्रेस के इस गैर-जिम्मेदाराना आचरण को देश के जागरूक नागरिक कभी स्वीकार नहीं करेंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP