ट्रंप की नीतियों के खिलाफ फीफा विश्व कप के बहिष्कार की मांग उठी
नई दिल्ली । डेस्क: दुनिया के कई देश ट्रंप की नीतियों के खिलाफ खुलकर बोलने लगे हैं. इतना ही नहीं ट्रंप का विरोध करने का भी आव्हान् किया जा रहा है. ट्रंप के विरोध की आंच 2026 में अमेरिका में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप फुटबाल मैच तक पहुंच गया है. पूर्व फीफा अध्यक्ष सेप ब्लाटर ने अमेरिका में होने वाले फीफा विश्व कप 2026 के मैचों के बहिष्कार का समर्थन किया है. उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन की घरेलू व विदेश नीति को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं.
ब्लाटर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्विस वकील और भ्रष्टाचार-विरोधी विशेषज्ञ मार्क पीएथ की टिप्पणी का समर्थन करते हुए कहा कि अमेरिका को विश्व कप की मेजबानी के लिए उपयुक्त मानने पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए.
मार्क पीएथ ने स्विस अख़बार डेर बुंड को दिए एक साक्षात्कार में फुटबॉल प्रशंसकों से अमेरिका न जाने की अपील की थी. उनका कहना था कि अमेरिका में प्रवेश के दौरान प्रशंसकों को सख्त आव्रजन नियमों और मनमाने निर्वासन का सामना करना पड़ सकता है.
गौरतलब है कि विश्व कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई के बीच अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होना है.
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल जगत की चिंता का मुख्य कारण ट्रंप प्रशासन की कड़ी आव्रजन नीतियां, यात्रा प्रतिबंध और आप्रवासी विरोधी कार्रवाई बताई जा रही है.
हाल ही में अमेरिका ने सेनेगल, आइवरी कोस्ट, ईरान और हैती जैसे देशों के नागरिकों पर यात्रा प्रतिबंध लगाए हैं, जिससे इन देशों के फुटबॉल प्रशंसकों के लिए विश्व कप देखना लगभग असंभव हो सकता है.
जर्मन फुटबॉल महासंघ के उपाध्यक्ष ओके गॉटलिख ने भी विश्व कप के बहिष्कार पर गंभीरता से विचार करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि अगर 1980 के दशक में ओलंपिक खेलों का राजनीतिक कारणों से बहिष्कार हो सकता है, तो मौजूदा परिस्थितियां उससे भी अधिक गंभीर हैं.
इस बीच दक्षिण अफ्रीका के विपक्षी नेता जूलियस मालेमा ने अपनी राष्ट्रीय टीम से अमेरिका में होने वाले विश्व कप से हटने की अपील की है. उन्होंने ट्रंप प्रशासन की तुलना रंगभेदी दौर के दक्षिण अफ्रीका से करते हुए इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया.
यूरोप में भी विरोध तेज हो रहा है. नीदरलैंड्स में एक लाख से अधिक फुटबॉल प्रशंसक ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर कर चुके हैं, जबकि ब्रिटेन के सांसदों ने इंग्लैंड और स्कॉटलैंड से टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की मांग की है.
हालांकि फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो और कई राष्ट्रीय फुटबॉल संघों ने फिलहाल आधिकारिक तौर पर बहिष्कार की किसी योजना से इनकार किया है, लेकिन बढ़ते राजनीतिक विरोध ने विश्व कप 2026 को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है.