पाकिस्तान समर्थक नारे लगवाने के आरोपी पर रायगढ़ में केस दर्ज
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गांजा तस्करी के आरोप में जेल में बंद एक व्यक्ति पर अब अपनी ही पत्नी और मासूम बच्चे के उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है. पीड़िता का आरोप है कि उसका पति न केवल उस पर जबरन धार्मिक रीति-रिवाजों को मानने का दबाव बनाता था, बल्कि उसके 5 साल के बेटे से देश विरोधी नारे भी लगवाता था. पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मूल रूप से कोरबा की रहने वाली पीड़िता ने महिला थाने में दी अपनी शिकायत में बताया कि करीब छह साल पहले उसकी मुलाकात रायगढ़ के जोगीडिपा के रहने वाले वसीम मोहम्मद से हुई थी. खुद को तलाकशुदा बताने वाले वसीम के साथ पीड़िता ने साल 2021 में निकाह किया था, जिससे उनके दो बच्चे हैं.
शादी के कुछ समय बाद महिला को पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसके पांच बच्चे भी हैं. इस खुलासे के बाद से ही घर में विवाद शुरू हो गया. पीड़िता का आरोप है कि उस पर लगातार विशेष धार्मिक नियमों का पालन करने के लिए दबाव डाला जाने लगा और इनकार करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी.
पीड़िता ने पुलिस को एक वीडियो साक्ष्य भी सौंपा है, जिसमें आरोपी अपने मासूम बेटे से भारत विरोधी और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगवाता नजर आ रहा है. वीडियो में आरोपी खुद को पाकिस्तानी नागरिक बताते हुए भारतीय सेना और पुलिस के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहा है.
महिला के अनुसार, विरोध करने पर मां और बच्चे दोनों को प्रताड़ित किया जाता था. कुछ समय पहले आरोपी ने आधी रात को अपने बच्चों और पत्नी को घर से बाहर निकाल दिया था, जिसके बाद पीड़िता डर के कारण कोरबा चली गई थी.
उल्लेखनीय है कि आरोपी वसीम मोहम्मद को हाल ही में 26 मई को पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में उसके सहयोगी इरशाद खान के साथ गिरफ्तार किया था, जिसके पास से 6 किलो मादक पदार्थ बरामद हुआ था. दोनों फिलहाल एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल में हैं.
पति के जेल जाने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और रायगढ़ पहुंचकर कानून की मदद ली. पुलिस अब महिला द्वारा सौंपे गए वीडियो और उसकी शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है.