जनगणना कर्मचारियों की मांग: विशेष अवकाश और रुका मानदेय मिले
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन (CKAF) ने सूबे में जनगणना-2027 (Census 2027) के कार्यों में तैनात सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के हक में आवाज बुलंद की है. फेडरेशन ने जनगणना संचालन निदेशक को एक ज्ञापन सौंपकर ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को विशेष अर्जित अवकाश देने और उनके लंबे समय से रुके हुए मानदेय का तत्काल भुगतान करने की मांग की है.
फेडरेशन का कहना है कि विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों ने देश के इस महत्वपूर्ण और अनिवार्य राष्ट्रीय कार्य को बेहद विपरीत परिस्थितियों में पूरा किया है. जब राज्य में पारा 45 डिग्री सेल्सियस को छू रहा था, तब भी कर्मचारियों ने फील्ड में रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाई.
इस दौरान कई अधिकारी-कर्मचारियों ने अपने त्योहार, छुट्टियां और परिवार का समय कुर्बान कर जनगणना के काम को सफल बनाया. फेडरेशन के मुताबिक, कर्मचारियों के इस कड़े परिश्रम और समर्पण को देखते हुए उन्हें विशेष अर्जित अवकाश दिया जाना पूरी तरह से न्यायसंगत है.
इसके अलावा, कर्मचारी संघ ने मानदेय भुगतान में हो रही देरी पर भी गहरा असंतोष व्यक्त किया है. ज्ञापन में कहा गया है कि सरकार द्वारा इस मद में बकायदा बजट और राशि आवंटित किए जाने के बावजूद, धरातल पर अधिकांश कर्मचारियों को अब तक उनके काम का मानदेय नहीं मिल पाया है. इससे राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों में भारी नाराजगी और आक्रोश है.
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने इस मामले में उम्मीद जताई है कि निदेशक और राज्य सरकार कर्मचारियों के इस बहुमूल्य योगदान का सम्मान करेगी.
उन्होंने मांग की है कि सभी लंबित मानदेयों का तुरंत निपटारा किया जाए और भविष्य के लिए एक स्थायी सिस्टम बनाया जाए, जिससे राष्ट्रीय परियोजनाओं में जुटने वाले कर्मचारियों को समय पर भुगतान और जरूरी सुविधाएं मिल सकें.