केन्द्र ने 2,223 Cr की गोदिया-डोंगरगढ़ रेल लाइन को मंजूरी दी
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (SECR) के गोदिया-डोंगरगढ़ खंड पर चौथी रेल लाइन के निर्माण को मंजूरी दे दी है. यह परियोजना 84 किलोमीटर लंबी है और इसका अनुमानित खर्च 2,223 करोड़ रुपये है. इस परियोजना का बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से गुजरता है.
इससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी और पर्यटन को काफी मजबूती मिलेगी. यह नई लाइन पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान का हिस्सा है, जो यात्रियों और माल ढुलाई की गति बढ़ाएगी, क्षेत्रीय विकास को प्रोत्साहन देगी और रोजगार के अवसर पैदा करेगी.
गौरतलब है कि मंगलवार को देशभर में चार मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी गई, जो भारतीय रेलवे नेटवर्क में लगभग 894 किलोमीटर जोड़ेंगी.
SECR अधिकारियों के अनुसार, यह खंड पूर्वी, मध्य और पश्चिमी भारत को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण यात्री और माल ढुलाई गलियारे पर स्थित है. यह छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले को और महाराष्ट्र के गोदिया जिले से होकर गुजरता है.
SECR के मुताबिक, नई लाइन से हजारा फॉल्स, नवेगांव नेशनल पार्क, बंबलेश्वरी मंदिर और डोंगरगढ़ धारा रिजर्व फॉरेस्ट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा.
मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना से लाइन की क्षमता, गतिशीलता और परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी, जिससे ट्रेनों का सुगम संचालन सुनिश्चित होगा. यह परियोजना पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत तैयार की गई है, जो मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स एकीकरण को मजबूत करने पर केंद्रित है.
अधिकारियों ने बताया कि यह पहल क्षेत्रीय विकास को समर्थन देगी, पर्यावरणीय स्थिरता और ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देगी, तथा रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करेगी.
मंगलवार को केंद्र सरकार ने भारतीय रेलवे में चार मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी, जिनकी कुल अनुमानित लागत 24,634 करोड़ रुपये है. इससे राष्ट्रीय रेलवे नेटवर्क में करीब 894 किलोमीटर की वृद्धि होगी. गोदिया-डोंगरगढ़ लाइन इन प्रमुख परियोजनाओं में से एक है.