अश्लीलता परोसेगा ChatGPT, दिसंबर से शुरू होगी 'इरोटिका चैट'
नई दिल्ली । डेस्क: लोकप्रिय एआई चैटबॉट ChatGPT की निर्माता कंपनी OpenAI जल्द ही एक नया और विवादास्पद फीचर लाने की तैयारी में है. OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने हाल ही में घोषणा की है कि कंपनी 'इरोटिका चैट' यानी यौन संबंधी बातचीत करने की सुविधा शुरू करेगी. हालांकि, यह विशेष सुविधा केवल प्राप्तवयस्क (Adult) उपयोगकर्ताओं के लिए ही उपलब्ध होगी, जिसके लिए उन्हें अपनी आयु का प्रमाण देना होगा.
यह फैसला OpenAI की 'वयस्क उपयोगकर्ताओं के साथ वयस्कों जैसा व्यवहार' (treat adult users like adults) की नई नीति का हिस्सा है. ऑल्टमैन ने कहा कि कंपनी ने चैटजीपीटी के नए संस्करण को 'अधिक मानवसद्दश' बनाने के लिए यह निर्णय लिया है. उन्होंने जोर दिया कि किसी भी उपयोगकर्ता पर यह सुविधा जबरन नहीं थोपी जाएगी, बल्कि यह पूरी तरह से उपयोगकर्ता की इच्छा पर निर्भर करेगा.
सैम ऑल्टमैन ने बताया कि आने वाले कुछ हफ्तों में ChatGPT का एक ऐसा संस्करण जारी किया जाएगा, जिसका व्यवहार और बातचीत का तरीका पहले से कहीं अधिक इंसानों जैसा होगा. यह चैट में अधिक इमोजी का उपयोग करेगा और उपयोगकर्ताओं को ऐसा महसूस होगा कि वे किसी परम मित्र से बात कर रहे हैं.
इस 'इरोटिका चैट' फीचर के दिसंबर महीने से ChatGPT में आने की संभावना है. इस सुविधा का उपयोग करने के लिए उपयोगकर्ताओं को अपनी उम्र का प्रमाण देना अनिवार्य होगा.
गौरतलब है कि OpenAI ने पहले ही नाबालिगों की सुरक्षा के लिए कई नए फीचर्स पेश किए हैं. अब कोई भी नाबालिग उपयोगकर्ता अपने खाते को माता-पिता के खाते से जोड़ सकता है. यदि बच्चे को कोई चिंता, समस्या या भावनात्मक उतार-चढ़ाव होता है, तो उससे संबंधित सूचनाएं माता-पिता को भेज दी जाएंगी. माता-पिता के पास यह अधिकार भी होगा कि वे एक निश्चित समय के लिए बच्चे के ChatGPT खाते को बंद कर सकें.