सरकारी स्कूलों से 10वीं-12वीं करने वाली छात्राओं को मिलेंगे 30K रु.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों से 10वीं-12वीं पास करने वाली छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिये 30 हजार रुपये मिलेंगे. इसकी घोषणा सोमवार 29 सितंबर को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर में एक स्कूल के कार्यक्रम के दौरान की है.
उपमुख्यमंत्री साव ने बताया कि छात्राओं को अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है. उन्होंने कहा है कि अब सरकारी स्कूलों से 10वीं-12वीं पास करने वाली छात्राओं को आगे महाविद्यालयीन पढ़ाई करने के लिए 30 हजार रूपए की सहायता देगी.
उन्होंने बताया कि सरकार के इस फैसले से प्रदेश में छात्राओं को अब आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई बीच में नही छोड़नी पड़ेगी. छात्राएं अपनी पढ़ाई पूरी कर अपने सपने साकार कर सकेगीं.
उपमुख्यमंत्री एवं लोकनिर्माण मंत्रीअरुण साव ने आज राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित दानवीर भामाशाह वार्ड में 337.01 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित शासकीय शशिबाला अंग्रेजी-हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण किया. इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया.
छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद के दौरान छात्रा अनुष्का शर्मा ने उपमुख्यमंत्री से पूछा आप बचपन में कैसे स्कूल में पढ़े ? जिस पर उप मुख्यमंत्री साव ने बताया कि कक्षा तीसरी तक मैंने अपने गांव में पढ़ाई की. वह शासकीय भवन नहीं था, हमारे ही परिवार का एक कच्चा मकान था. हम अपने घर से चटाई ले जाते और बैठा करते.
हर शनिवार को गोबर की पोताई भी हम करते थे. जबकि आज देखिए आपके लिए सरकार कितने भव्य और बड़े विद्यालय बना रही है. मेरा आप सभी से आग्रह है कि सरकार आपको आधुनिक सुविधायुक्त विद्यालय बनाकर दे रही है ताकि आप अपना पूरा ध्यान लगाकर खूब पढ़े और आगे बढ़े. इसलिए आपकी भी यह जिम्मेदारी है कि आप पूरा मन लगाकर अच्छी तरह पढ़ें और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें.