छत्तीसगढ़: IED ब्लास्ट में DRG के 3 जवान घायल, रायपुर एयरलिफ्ट
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में रविवार को नक्सलियों द्वारा किए गए दो अलग-अलग आईईडी विस्फोटों में जिला रिजर्व गार्ड के तीन जवान घायल हो गए.
सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम इलाके में नक्सल विरोधी तलाशी अभियान चला रही थी, इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए पहले से प्लांट किए गए विस्फोटकों में धमाका कर दिया.
घायल जवानों को तत्काल मौके से रेस्क्यू किया गया और बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब दंतेवाड़ा-बीजापुर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर नक्सलियों की घेराबंदी करने निकली थी.
पहला विस्फोट सुबह करीब 10 बजे और दूसरा दोपहर में हुआ. बीजापुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्णा ने पुष्टि की है कि ऑपरेशन अभी भी जारी है और सुरक्षा बल इलाके में डिमाइनिंग और हवाई निगरानी के जरिए स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.