छत्तीसगढ़ में 2 सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत, 3 गंभीर
छत्तीसगढ़ में 2 भीषण सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत, 3 गंभीर
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में रविवार का दिन दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं के लिहाज से बेहद दर्दनाक रहा, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने चार लोगों की जिंदगी छीन ली. इन हादसों में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पहला मामला दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र का है, वहीं दूसरी घटना सरगुजा जिले के नेशनल हाईवे-43 पर स्थित लुचकी घाट की है. पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
दुर्ग जिले के भिलाई में सुपेला से पावर हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित चंद्रामौर्या चौक पर रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. यहां रेड सिग्नल होने के कारण कुछ वाहन चालक रुककर हरी बत्ती होने का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार कार ने सिग्नल पर खड़ी दो बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर इतनी भीषण थी कि दुपहिया वाहनों पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे. इस हादसे में भिलाई सुपेला निवासी 15 वर्षीय किशोर नूर खान और रायपुर निवासी 55 वर्षीय मनोहर की मौत हो गई. दोनों मृतक पेशे से एसी (एयर कंडीशनर) रिपेयरिंग का काम करते थे और किसी साइट पर जा रहे थे. दुर्घटना में घायल एक अन्य युवक सलीम का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक ने यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए सिग्नल तोड़ा और वाहनों को रौंद दिया. घटना से आक्रोशित परिजनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
भिलाई सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी कार चालक सागर जायसवाल को हिरासत में ले लिया गया है और उसका मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है ताकि नशे की संपुष्टि की जा सके. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
दूसरी दर्दनाक घटना सरगुजा जिले के अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग पर सामने आई. सीतापुर के सोनतराई निवासी संतोष कुजूर (38 वर्ष) अपनी पत्नी संगीता कुजूर के साथ बाइक से अपने बच्चे की टीसी लेने एकलव्य विद्यालय घंघरी जा रहे थे. दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही उनकी बाइक लुचकी घाट के समीप पहुंची, विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई.
इस आमने-सामने की जोरदार टक्कर में संतोष कुजूर और दूसरी बाइक पर सवार एक अज्ञात युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं. हादसे में संतोष की पत्नी संगीता और दूसरी बाइक पर बैठा एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
मार्ग से गुजर रहे भाजपा नेता अनिल जायसवाल ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत अपने वाहन से घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी में रखवा दिया है. दूसरे मृतक और घायल युवक की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है, हालांकि उनके मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के होने की आशंका जताई जा रही है और पुलिस उनकी पहचान जुटाने में लगी है.