शादी का झांसा देकर रेप मामले में कृषि अधिकारी को उम्रकैद
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की एक विशेष अदालत ने अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिला के साथ यौन शोषण और जातिगत उत्पीड़न के मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए कृषि विस्तार अधिकारी देवनारायण साहू को उम्रकैद की सजा सुनाई है. रायपुर की विशेष अदालत के न्यायाधीश पंकज कुमार सिन्हा ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दोषी करार दिया.
अदालत ने इस बात पर जोर दिया कि आरोपी ने पीड़िता की जाति जानते हुए भी उसे शादी का झूठा भरोसा देकर वर्षों तक शारीरिक शोषण किया और पद मिलने के बाद जातिगत आधार पर अपमानित कर रिश्ता तोड़ दिया.
अभियोजन पक्ष के अनुसार, बालोद निवासी 30 वर्षीय देवनारायण साहू और पीड़िता जगदलपुर के एक कृषि कॉलेज में सहपाठी थे. आरोपी ने साल 2021 में सरकारी नौकरी मिलने के बाद शादी करने का वादा कर पहली बार पीड़िता के साथ जबरन संबंध बनाए थे.
इसके बाद साल 2024 में कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर नियुक्त होने के बाद आरोपी के व्यवहार में बदलाव आ गया.
पीड़िता का आरोप है कि साहू ने उसे "नीची जाति" की कहकर अपमानित करना शुरू कर दिया और अंततः दिसंबर 2025 में शादी से साफ इनकार करते हुए उसे हर जगह से ब्लॉक कर दिया.
पुलिस जांच और 14 गवाहों के बयानों के आधार पर अदालत ने इसे गंभीर अपराध माना और आरोपी पर उम्रकैद के साथ ₹6,000 का जुर्माना भी लगाया. यह फैसला नए आपराधिक कानून (BNS) के तहत राज्य में इस तरह के मामलों में त्वरित न्याय का एक बड़ा उदाहरण माना जा रहा है.