अंबिकापुर में ठेकेदार ने लगाई फांसी, आर्थिक तंगी से था परेशान
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बलरामपुर जिले के निवासी और अंबिकापुर में रह रहे ठेकेदार राजेश सिंह (44) ने मंगलवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस और परिजनों के अनुसार, कोरोना महामारी के बाद उनके ठेकेदारी के काम में भारी गिरावट आई थी, जिससे वे लंबे समय से मानसिक रूप से आहत और उदास रहते थे.
राजेश सिंह पिछले कुछ वर्षों से अंबिकापुर के नमनाकला मोहल्ले में पत्नी बबीता सिंह और दो छोटी बेटियों (14 एवं 9 वर्ष) के साथ रह रहे थे. कोरोना से पहले उनके पास ग्रामीण विकास विभाग, मनरेगा और लोक निर्माण विभाग के कई निर्माण कार्य चल रहे थे.
महामारी के कारण ये सभी प्रोजेक्ट प्रभावित हुए और काम पूरा न होने से आर्थिक संकट गहरा गया.
सोमवार रात राजेश सिंह ने अपनी छोटी बेटी के साथ अलग कमरे में विश्राम किया था. सुबह पत्नी बबीता ने बच्चों को स्कूल के लिए तैयार कर भेज दिया.
सामान्य दिनों की तरह राजेश सिंह मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले थे, लेकिन जब सुबह करीब 8:30 बजे पत्नी ने उन्हें फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला. फोन की घंटी दूसरे कमरे से सुनाई दी, तो बबीता वहां पहुंचीं और पति को फंदे पर लटका देख चीख उठीं.
आसपास के लोगों ने तुरंत शव को नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कोतवाली अंबिकापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, लेकिन घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. शव का पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया, और वे इसे बलरामपुर ले गए.
परिचितों का कहना है कि राजेश सिंह पिछले कुछ समय से गहरे अवसाद में थे. दो वर्ष पहले राजपुर जनपद में बिल कटौती को लेकर एसडीओ और इंजीनियर से विवाद हुआ था, जिसमें उन्होंने दोनों पर हाथ उठाया था और उनके खिलाफ मामला भी दर्ज हुआ था.