अंबिकापुर रैली: "बिना ग्राम सभा सहमति नहीं होने देंगे खनन"
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शुक्रवार को सरगुजा संभाग के हजारों ग्रामीणों, आदिवासियों और पर्यावरणविदों ने विशाल रैली निकालकर खनन परियोजनाओं के खिलाफ हुंकार भरी. हसदेव बचाओ संघर्ष समिति और छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में जल, जंगल और जमीन के विनाश पर गहरी चिंता जताई गई.
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि पांचवीं अनुसूची के क्षेत्रों में ग्राम सभा की सहमति के बिना भूमि अधिग्रहण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा.
पूर्व अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह और कार्यकर्ता सुनीता पोर्टे ने आरोप लगाया कि हसदेव अरण्य में कोल ब्लॉक के लिए फर्जी ग्राम सभा प्रस्तावों का सहारा लिया जा रहा है और छह लाख से अधिक पेड़ों की कटाई की तैयारी है, जो वन्यजीवों और पर्यावरण के लिए विनाशकारी होगा.
आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम सौंपे गए ज्ञापन में केंटे एक्सटेंशन और परसा कोल ब्लॉक को रद्द करने, मैनपाट में बॉक्साइट खनन रोकने और बलरामपुर में ग्रेफाइट सर्वेक्षण बंद करने की मांग की है.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि खनन परियोजनाएं नहीं रोकी गईं, तो इससे न केवल हाथियों और इंसानों के बीच संघर्ष बढ़ेगा, बल्कि मिनीमाता हसदेव बांगो बांध और क्षेत्रीय जलस्तर पर भी गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा.
प्रदर्शनकारियों ने मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा कि आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए वे पीछे नहीं हटेंगे.