प्रार्थना सभा की आड़ में कथित धर्मांतरण का आरोप
प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का प्रयास का आरोप
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में कथित धर्मांतरण का एक और मामला सामने आया है. पुलिस ने हिंदू संगठनों की शिकायत के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई तब हुई जब एक बंद पड़े पोल्ट्री फार्म में प्रार्थना सभा के नाम पर कथित धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही थीं.
जानकारी के अनुसार, हिंदू संगठनों को सूचना मिली थी कि पेंड्री गांव में एक पोल्ट्री फार्म में प्रार्थना सभा का आयोजन हो रहा है, जिसके जरिए धर्मांतरण का प्रयास किया जा रहा था.
संगठनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और मौके पर पहुंचकर छापेमारी की. वहां 15-20 लोग प्रार्थना सभा में मौजूद थे, जहां पास्टर संजीव सूर्यवंशी और अन्य लोग चंगाई और कथित धर्मांतरण की गतिविधियों में शामिल थे.
पुलिस ने मौके से दूसरे धर्म की किताबें और एक डायरी भी बरामद की. इसके बाद संजीव सूर्यवंशी सहित आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.