सावधान, आयुर्वेदिक दवा में शुगर की एलोपैथिक दवा की मिलावट
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में एक आयुर्वेदिक दवा में एलोपैथिक दवा की मिलावट का गंभीर मामला सामने आया है. छत्तीसगढ़ सरकार के जनसंपर्क विभाग के हवाले से खबर है कि ड्रग विभाग की नियमित जांच के दौरान कोरिया जिले में यह खुलासा हुआ कि लोकप्रिय आयुर्वेदिक दवा श्री फास्टेक शुगर नाशक चूर्ण (बैच नंबर 114) में मधुमेह की एलोपैथिक दवा मेटफॉर्मिन की मिलावट पाई गई है.
जांच रिपोर्ट के आधार पर इस दवा को नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वालिटी (अमानक गुणवत्ता) घोषित कर दिया गया है. परिणामस्वरूप, कोरिया जिले में इस बैच की दवा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.
जिला आयुष विभाग ने सभी औषधि विक्रेताओं को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि वे इस बैच की दवा का विक्रय तत्काल रोकें और अपने पास उपलब्ध स्टॉक की जानकारी विभाग को शीघ्र प्रदान करें.
दवा का नमूना 17 जनवरी 2025 को रायगढ़ जिले के तत्कालीन औषधि निरीक्षक सह जिला आयुष अधिकारी द्वारा जांच के लिए संकलित किया गया था. नमूने की जांच ड्रग्स टेस्टिंग लेबोरेटरी एवं अनुसंधान केंद्र, रायपुर के शासकीय विश्लेषक द्वारा की गई.
रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से मेटफॉर्मिन की मौजूदगी पाई गई, जो एक एलोपैथिक दवा है और टाइप-2 मधुमेह के इलाज में उपयोग की जाती है.
आयुर्वेदिक दवा में एलोपैथिक दवा का मिश्रण न केवल पूर्णतः अवैज्ञानिक है, बल्कि गैर-कानूनी भी. यह मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है. मेटफॉर्मिन की अधिक मात्रा से रक्त में शर्करा का स्तर अत्यधिक कम हो सकता है, जिससे हाइपोग्लाइसीमिक अटैक (निम्न रक्त शर्करा संकट) का खतरा बढ़ जाता है.
सबसे चिंताजनक बात यह है कि आयुर्वेदिक दवाएं अक्सर लोग बिना डॉक्टरी सलाह के स्वयं खरीदकर सेवन करते हैं, जिससे अनजाने में गंभीर नुकसान हो सकता है.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए:
*छत्तीसगढ़ के ड्रग कंट्रोलर और केंद्र के ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (CDSCO) को तत्काल सूचित किया जाना चाहिए.
*मरीजों के हित में पूरे छत्तीसगढ़ तथा देशभर में श्री फास्टेक शुगर नाशक चूर्ण (बैच नंबर 114) की बिक्री पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए.
*जनता को इस खतरे की व्यापक सूचना दी जाए.
*संबंधित कंपनी की उत्पादन इकाई पर छापेमारी कर अन्य बैचों की भी जांच की जाए.
* इस दवा कंपनी के अन्य दवाओं की केन्द्र सरकार के लैब में जांच करवाई जानी चाहिये.
यह मामला आयुर्वेदिक दवाओं की शुद्धता और नियामक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाता है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी मिलावट न केवल विश्वास को ठेस पहुंचाती है, बल्कि मधुमेह जैसे रोगियों की जान जोखिम में डालती है.