बलरामपुर: पत्नी की हत्या कर जंगल में दफनाया
बलरामपुर: पत्नी की हत्या कर जंगल मे दफनाया
अंबिकापुर । संवाददाता: बलरामपुर-रामानुजगंज के कोरंधा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को जंगल में दफना दिया. कोरंधा पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
यह घटना ग्राम हंसपुर की है. मृतका के बेटे शेखर कुजूर ने 3 सितंबर को कोरंधा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी मां कलावती कुजूर 1 सितंबर को अपने पति हीरालाल कुजूर के साथ जंगल गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. शेखर ने बताया कि जब उसने अपने पिता से मां के बारे में पूछा, तो हीरालाल ने कहा कि झगड़े के बाद कलावती नाराज होकर कहीं चली गई. पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
4 सितंबर को हंसपुर के हुटार जंगल में पुलिस को एक शव का कुछ हिस्सा मिट्टी से बाहर निकला हुआ दिखाई दिया. कोरंधा पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम और कार्यपालक दंडाधिकारी को मौके पर बुलाया. शव को बाहर निकाला गया और उसकी शिनाख्त कलावती कुजूर के रूप में हुई. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पाया गया कि मृतका की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई.
आरोपी का जुर्म कबूल
पुलिस ने जब आरोपी हीरालाल कुजूर (45 वर्ष) से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया. हीरालाल ने बताया कि शराब के नशे में उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था. गुस्से में आकर उसने डंडे से कलावती के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद, उसने सबूत छिपाने के लिए शव को जंगल में ले जाकर दफना दिया.
पुलिस की सफलता
कोरंधा पुलिस ने इस जघन्य अपराध का खुलासा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. 6 सितंबर को आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. इस त्वरित कार्रवाई के लिए कोरंधा पुलिस की प्रशंसा हो रही है.