शादी से इनकार पर प्रेमी ने की प्रेमिका की नृशंस हत्या
बालोद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक प्रेमी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी नेमचंद साहू (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, ग्राम पाररास निवासी 35 वर्षीय कमला राजपूत और आरोपी नेमचंद पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध में थे. मृतका 10 साल पहले शादी के बाद अपने मायके में रहकर मजदूरी करती थी.
16 जनवरी को आरोपी उसे अपनी बाइक पर घुमाने के बहाने गुरमी बांध के पास जंगल में ले गया, जहां शराब पीने के बाद दोनों के बीच चरित्र शंका और विवाह को लेकर विवाद शुरू हो गया. जब कमला ने आरोपी के साथ तत्काल शादी करने से मना कर दिया, तो गुस्से में आकर नेमचंद ने उसका गला घोंट दिया और फिर बेहोशी की हालत में उसे घसीटकर पत्थर से उसका सिर कुचल दिया.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को पत्थरों के नीचे छिपा दिया और फरार हो गया. घटना का खुलासा तब हुआ जब 24 जनवरी को ग्रामीणों ने जंगल में दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने मौके से सड़ी-गली लाश बरामद की, जिसकी पहचान हाथ पर बने 'KL' नाम के टैटू से हुई. बालोद पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को धर दबोचा.
कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने नशे की हालत में शंका और शादी से इनकार के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.