बीजापुर में आईईडी विस्फोट से सब-इंस्पेक्टर घायल
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार को नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के एक अधिकारी घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, घटना भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इंद्रावती इलाके के जंगल में हुई, जब DRG और विशेष कार्यबल (STF) की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली हुई थी.
अभियान के दौरान DRG के सब-इंस्पेक्टर प्रकाश चट्टी अनजाने में प्रेशर आईईडी के संपर्क में आ गए, जिससे विस्फोट हो गया और उनके दाहिने टखने में चोट लग गई.
उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया. उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने बीजापुर के तर्रेम थाना क्षेत्र से नक्सलियों द्वारा लगाया गया 10 किलो का आईईडी बरामद किया.