बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

शिक्षिका को हटाने की मांग पर आत्मानंद स्कूल के छात्र-छात्राएं धरने पर

C

CG Khabar

10 अक्टू. 2025, 01:00 PM 2 मिनट में पढ़ें 17

धरना
धरना

दंतेवाड़ा । संवाददाता: स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल बारसूर के छात्र-छात्राएं शुक्रवार को अपनी महिला शिक्षिका को हटाने की मांग को लेकर स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए. छात्रों का आरोप है कि शिक्षिका माधुरी उइके पिछले तीन वर्षों से उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं.


छात्रों ने बताया कि शिक्षिका स्कूल में उनके साथ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करती हैं और अभिभावकों को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कहती हैं. उनका कहना है कि जब वे शिकायत करने की बात करते हैं, तो शिक्षिका उन्हें धमकाती हैं और कहती हैं कि उनके कलेक्टर और विधायक जैसे अधिकारियों से सीधे संबंध हैं - इसलिए उनका कुछ नहीं बिगड़ सकता.

विज्ञापन


छात्राओं ने बताया कि उन्होंने बीते दिन सामूहिक रूप से जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिक्षिका के खिलाफ ज्ञापन सौंपा था और कार्रवाई की मांग की थी. शुक्रवार को वे अभिभावकों के साथ स्कूल तो पहुंचे, लेकिन कक्षाओं में जाने के बजाय स्कूल परिसर के बाहर ही धरने पर बैठ गए.


छात्रों ने कहा कि जब तक शिक्षिका को स्कूल से नहीं हटाया जाता, तब तक वे क्लास में नहीं बैठेंगे. छात्रों का यह भी आरोप है कि शिक्षिका के व्यवहार से स्कूल का माहौल खराब हो गया है और कई शिक्षक भी परेशान हैं.


धरने में कांग्रेस कमेटी के स्थानीय कार्यकर्ता भी छात्रों के समर्थन में पहुंचे. उनका कहना है कि शिक्षिका की वजह से न केवल बच्चे, बल्कि कई शिक्षक भी असंतुष्ट हैं और पिछले दो वर्षों में कई कर्मचारी स्कूल छोड़ चुके हैं. 


कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि शिक्षिका माधुरी उइके को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए, ताकि स्कूल का वातावरण दोबारा सामान्य हो सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP