सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

बीजापुर में दीपावली की खुशियों के बीच मातम: तालाब में डूबे तीन मासूम

C

CG Khabar

22 अक्टू. 2025, 05:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 11

तालाब में डूबे मासूम
तालाब में डूबे मासूम

बीजापुर। संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर से दीपावली के दूसरे दिन एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जिले के पादेडा पंचायत के हिरोलीपारा में मंगलवार दोपहर तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई.


यह हादसा उस समय हुआ जब पूरा गांव दीपावली की खुशियों में मग्न था. लेकिन इस घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक और सन्नाटे में डुबो दिया. मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की दोपहर करीब 1 बजे के आसपास गांव के तीन बच्चे आपस में खेलते हुए तालाब में नहाने गए थे. 

विज्ञापन


धीरे-धीरे वे पानी के गहरे हिस्से में चले गए और वापस नहीं निकल पाए.


आसपास मौजूद कुछ ग्रामीणों ने बच्चों को डूबते देखा और उन्हें बचाने की कोशिश की. लेकिन जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं.


मृत बच्चों की पहचान मनिता हपका उम्र लगभग 6 वर्ष, कक्षा पहली की छात्रा, नवीन हपका उम्र लगभग 4 वर्ष, दिनेश कोरसा उम्र लगभग 5 वर्ष के रूप में हुई है.


ये सभी आंगनबाड़ी केंद्र के विद्यार्थी थे. बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार भी थे. 


घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया. दीपावली की खुशियों के बीच अचानक हुए इस हादसे ने हर घर में सन्नाटा भर दिया.  


गांव के बड़े-बुजुर्गों ने बताया कि यह तालाब काफी गहरा है और हाल ही में हुई बारिश के कारण इसका जलस्तर और बढ़ गया था. 


ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे गहरे तालाबों के किनारों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई और परिवार ऐसी त्रासदी का शिकार न हो.


घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन को जानकारी दे दी गयी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP