कैंसर के चौथे स्टेज पर था बुजुर्ग, सिम्स के चिकित्सकों ने दिया नया जीवन
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर के डॉक्टरों ने चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. यहाँ 61 वर्षीय बुजुर्ग के चौथे स्टेज के मुंह के कैंसर की सफल सर्जरी कर उनकी जान बचाई गई. इस जटिल सर्जरी ने मरीज को नया जीवन प्रदान किया है.
कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में दर्द या अन्य लक्षण न दिखने के कारण कई बार मरीज इसे नज़रअंदाज कर देते हैं. यही वजह होती है कि जब तक बीमारी का पता चलता है, तब तक कैंसर काफी आगे बढ़ चुका होता है और जानलेवा रूप ले लेता है. बिलासपुर निवासी लक्ष्मण (61 वर्ष) भी ऐसी ही स्थिति से गुज़रे. लंबे समय तक तंबाकू सेवन करने के कारण उनके मुंह में कैंसर हो गया था. जब तक उन्हें परेशानी महसूस हुई, तब तक रोग अंतिम चरण में पहुँच चुका था.
सिम्स के दंत चिकित्सा विभाग में जांच के बाद पता चला कि कैंसर गले के लिंफ नोड तक फैल चुका है, जिसका आकार लगभग 7×6 सेंटीमीटर था. उम्र अधिक होने और रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण इलाज बेहद चुनौतीपूर्ण था. फिर भी, चिकित्सकों ने जोखिम उठाते हुए सर्जरी करने का निर्णय लिया. मरीज की सभी जांचें — रक्त परीक्षण, एक्स-रे और सीटी स्कैन — के बाद लगभग सात से आठ घंटे की जटिल सर्जरी की गई.
ऑपरेशन तीन हिस्सों में पूरा किया गया. पहले कैंसरग्रस्त जबड़े के हिस्से को हटाया गया, फिर गर्दन तक फैले कैंसर को निकाला गया और अंत में छाती से लिए गए मांसपेशी के टुकड़े (पीएमएमसी फ्लैप) से निकाले गए हिस्से का पुनर्निर्माण किया गया.
यह सर्जरी डॉ. भूपेन्द्र कश्यप के मार्गदर्शन में की गई. सर्जिकल टीम में डॉ. संदीप प्रकाश (विभागाध्यक्ष, ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी), डॉ. जण्डेल सिंह ठाकुर, डॉ. केतकी किनिकर, डॉ. हेमलता राजमणी, डॉ. प्रकाश खरे, डॉ. सोनल पटेल, निश्चेतना विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मधुमिता मूर्ति, रेडियोडायग्नोसिस विभाग की प्रमुख डॉ. अर्चना सिंह सहित कई अन्य विशेषज्ञ और स्टाफ शामिल रहे.
सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से दंत चिकित्सा विभाग लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है.