बिलासपुर: मंदिर में पुजारी की बर्बर हत्या
बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत परसाकापा गांव के पाठ बाबा मंदिर में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. यहां रहने वाले 30 वर्षीय पुजारी जागेश्वर पाठक, जिन्हें स्थानीय लोग मोटू कहते थे, की मंदिर परिसर में ही क्रूरता से हत्या कर दी गई.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार की सुबह पुजारी की मां जब मंदिर पहुंचीं, तो उन्होंने अपने बेटे का शव खून में डूबा हुआ पाया.
शरीर पर गहरे घाव और चोटों के निशान साफ तौर पर हत्या की क्रूरता को दर्शा रहे थे.
इस दिल दहलाने वाले दृश्य को देखकर मां के होश उड़ गए और गांव में कोहराम मच गया.
मंदिर के आसपास कुछ संदिग्ध चप्पलें मिली हैं, और हत्यारे पुजारी का मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए.
बिलासपुर के एसपी रजनेश सिंह ने बताया कि हत्या का तरीका इतना बर्बर था कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है.
साथ ही, चोरी का विरोध भी इस अपराध का एक संभावित कारण हो सकता है.
पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है. एसपी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा.