BJP नेता की हत्या: NIA ने पिता-पुत्र के खिलाफ दायर की चार्जशीट
रायपुर । संवाददाता: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 2023 में हुई स्थानीय भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में दो नक्सली कार्यकर्ताओं, पिता-पुत्र की जोड़ी, शिवानंद नाग और नारायण प्रसाद नाग के खिलाफ चार्जशीट दायर की है. यह दूसरी पूरक चार्जशीट जगदलपुर के एनआईए विशेष न्यायालय में दायर की गई है, जिसमें दोनों पर भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं.
एनआईए के अनुसार, "शिवानंद और नारायण प्रसाद नाग सीपीआई (माओवादी) के सक्रिय सदस्य थे और रतन दुबे के साथ उनकी पुरानी राजनीतिक, व्यावसायिक और व्यक्तिगत दुश्मनी थी." जांच में पाया गया कि दोनों ने दुबे की क्रूर हत्या की साजिश में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था.
रतन दुबे की हत्या नवंबर 2023 में नारायणपुर जिले के कौशलनार गांव के एक भीड़भाड़ वाले साप्ताहिक बाजार में चुनावी प्रचार के दौरान कुल्हाड़ियों से की गई थी. इस लक्षित हत्या का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को बाधित करना और स्थानीय लोगों में दहशत फैलाना था.
एनआईए ने फरवरी 2024 में इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी. जांच के दौरान, एजेंसी ने सीपीआई (माओवादी) के पूर्वी बस्तर डिवीजन के बयानार क्षेत्र समिति और बारसूर क्षेत्र समिति के सदस्यों और उनके ओवरग्राउंड कार्यकर्ताओं (ओजीडब्ल्यू) की भूमिका और संलिप्तता स्थापित की.
इससे पहले, जून 2024 में एक आरोपी धन सिंह कोर्राम के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई थी, जबकि दो अन्य, सैनूराम कोर्राम और लालूराम कोर्राम, को दिसंबर 2024 में गिरफ्तार कर चार्जशीट दायर की गई थी.