छत्तीसगढ़: बिना हत्या के केस वाले माओवादियों की होगी समीक्षा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सल विरोधी रणनीति में एक बड़ा नीतिगत बदलाव किया है. राज्य सरकार ने जेलों में बंद उन माओवादी आरोपियों के आपराधिक मामलों की समीक्षा करने और उन्हें वापस लेने का फैसला किया है, जो किसी भी तरह के हत्या के मामलों में शामिल नहीं हैं. इस पूरी प्रक्रिया को तेज करने के लिए सरकार ने जिला स्तर पर साप्ताहिक बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए हैं.
उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे जेलों में बंद ऐसे माओवादी आरोपियों की पहचान करें, जिनके खिलाफ कोई भी जानलेवा मामला दर्ज नहीं है. इन मामलों की कानूनी समीक्षा के लिए विधि विभाग के परामर्श से लोक अभियोजकों और सरकारी वकीलों की एक विशेष टीम गठित की जाएगी, जो यह तय करेगी कि कानून के दायरे में रहकर इन मामलों को वापस लिया जा सकता है अथवा नहीं. इस पूरी समीक्षा प्रक्रिया की निगरानी हर हफ्ते संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों के कार्यालयों द्वारा की जाएगी.
इस नीतिगत घोषणा के बीच, माओवादी मामलों में जेलों में बंद आदिवासी ग्रामीणों के परिवारों ने भी राज्य सरकार से गुहार लगाई है. बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी की उपस्थिति में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिवारों ने दावा किया कि कई निर्दोष आदिवासी ग्रामीण बिना किसी माओवादी संबंध के सालों से सलाखों के पीछे हैं.
इन परिवारों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा से मिलने के लिए एक 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया है. उनका तर्क है कि यदि सरकार अपनी पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों के खिलाफ मामले वापस ले सकती है, तो कथित तौर पर झूठे मामलों में फंसाए गए निर्दोष आदिवासियों के मामलों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाना चाहिए.
इसके अतिरिक्त, गृह मंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा की है. उन्होंने कहा कि जो भी गांव 'नक्सल-मुक्त' होने का प्रस्ताव पारित करेगा, वहां विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जाएगी. पहले चरण में इसके लिए 50 गांवों की पहचान की गई है, जिनमें सुकमा और बीजापुर के 20-20 और नारायणपुर के 10 गांव शामिल हैं.
इन गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आजीविका के नए अवसर पैदा करने के लिए तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे.
साथ ही, नक्सल-मुक्त घोषित किए गए इन सभी गांवों में आगामी 15 अगस्त को 'तिरंगा यात्रा' आयोजित करने और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे राष्ट्रीय अखंडता को बढ़ावा मिले और जनता में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हो.
गृह मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि माओवादी हिंसा से प्रभावित सभी परिवारों और आत्मसमर्पण नीति के तहत मुख्यधारा में लौटे लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के विशेष प्रावधानों के तहत पक्के मकान दिए जाएंगे. इसके साथ ही, बड़े माओवादी हमलों में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों और मारे गए नागरिकों के सम्मान में प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक स्मारकों का निर्माण किया जाएगा.
प्रशासनिक स्तर पर तेजी लाते हुए मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि आत्मसमर्पित कैडरों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान एक महीने के भीतर सुनिश्चित किया जाए. साथ ही, उन्होंने पुलिस बल को पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा है ताकि माओवादियों द्वारा लूटे गए हथियारों को बरामद किया जा सके और यह सुनिश्चित हो कि नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों का कोई भी हथियार पीछे न छूटे.