गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

CM ने नुआखाई मिलन समारोह में की 75 लाख की घोषणा

C

CG Khabar

21 सित. 2025, 06:00 PM 3 मिनट में पढ़ें 13

सीएम साय
सीएम साय

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर के वन विद्यालय परिसर में आयोजित धुरवा समाज के संभाग स्तरीय नुआखाई मिलन समारोह और नवनिर्मित सामाजिक भवन "ओलेख" के लोकार्पण समारोह में हिस्सा लिया. इस अवसर पर उन्होंने धुरवा समाज के लिए पांच स्थानों पर डोम निर्माण हेतु 15-15 लाख रुपये की लागत से कुल 75 लाख रुपये की घोषणा की. साथ ही, धुरवा समाज के 36 सरपंचों द्वारा प्रस्तुत ग्राम पंचायतों के विकास प्रस्तावों को स्वीकृति देने का आश्वासन दिया.


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए कटिबद्ध है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए 80 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, ताकि आदिवासी बहुल गांवों में विकास कार्यों में कोई कमी न रहे. इसके अलावा, विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से इन समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है.

विज्ञापन


सीएम साय ने कहा कि इन प्रयासों से जनजातीय क्षेत्रों में विकास की गंगा बहेगी और समुदाय प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा. उन्होंने धुरवा समाज के वीर नायक शहीद गुंडाधुर को नमन करते हुए नुआखाई पर्व को समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का संवाहक बताया. उन्होंने कहा कि यह परंपरा, जिसमें अनाज या फल को ग्रहण करने से पहले देवी-देवताओं को अर्पित किया जाता है, समाज की पहचान है और इसे भविष्य की पीढ़ियों तक बनाए रखा जाएगा.


नवनिर्मित सामाजिक भवन "ओलेख" के लोकार्पण पर बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन समाज के सभा-सम्मेलनों और विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण सिद्ध होगा. उन्होंने छत्तीसगढ़ के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा गठित जनजातीय कार्य मंत्रालय ने जनजातीय समुदायों के कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान दिया. साथ ही, अटल जन्मशताब्दी वर्ष को "अटल निर्माण वर्ष" के रूप में मनाए जाने की बात कही.


मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा संभाग के लिए विशेष आदिवासी क्षेत्र विकास प्राधिकरण की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा गठित इन प्राधिकरणों ने क्षेत्र के विकास को गति दी है. उन्होंने नियद नेल्लानार योजना के तहत माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, आवास और राशन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई.


उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने धुरवा समाज को नुआखाई की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन समाज की एकता और संस्कृति को मजबूत करता है. वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप और विधायक किरण देव ने भी समारोह को संबोधित किया. धुरवा समाज के संभागीय अध्यक्ष पप्पू नाग ने स्वागत उद्बोधन दिया और समाज की गतिविधियों की जानकारी साझा की.


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का पारंपरिक छतड़ी, धुरवा तुवाल, कोटी और तीर-धनुष भेंटकर स्वागत किया गया. इस अवसर पर चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम आटामी, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित बस्तर संभाग से धुरवा समाज के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
जनगणना- जनगणना कार्य में प्राइवेट स्कूल शिक्षकों की ड्यूटी का विरोध
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: जनगणना कार्य में प्राइवेट स्कूल शिक्षकों की ड्यूटी का विरोध

7 घंटे पहले

RTE-अब दूर के गरीब बच्चों को भी मिलेगा दाखिला
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ RTE: 'पड़ोस' की बाध्यता खत्म, अब दूर के गरीब बच्चों को भी मिलेगा दाखिला

7 घंटे पहले

दुर्ग: देर रात सांस्कृतिक आयोजन के बीच 13 साल की मासूम से दुष्कर्म
छत्तीसगढ़

दुर्ग: देर रात सांस्कृतिक आयोजन के बीच 13 साल की मासूम से दुष्कर्म

23 घंटे पहले

धान खरीदी केन्द्र
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: धान के बदले दूसरी फसल चुनने वाले किसानों को अब प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की सहायता

23 घंटे पहले

कोरबा में सड़क दुर्घटना में 1 मृत
छत्तीसगढ़

कोरबा: तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से स्कूटी सवार अमित सागर की मौत

एक दिन पहले

स्मृति ईरानी- छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: धरमजयगढ़ में जुटेंगे दिग्गज, तैयारियों को परखने आ रहीं स्मृति ईरानी

एक दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP