छत्तीसगढ़ कोयला घोटाला: ED का दावा, ₹540 करोड़ से चुनाव खर्च व रिश्वत
रायपुर । संवाददाता: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को दावा किया कि छत्तीसगढ़ में पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए कथित अवैध कोयला लेवी घोटाले से जुटाई गई करीब ₹540 करोड़ की राशि का इस्तेमाल चुनावी खर्चों और नेताओं व नौकरशाहों को रिश्वत देने में किया गया.
ईडी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव रह चुकी निलंबित राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी सौम्या चौरसिया और एक अन्य आरोपी निखिल चंद्राकर की कुल ₹2.66 करोड़ मूल्य की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है. यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है.
ईडी के अनुसार, कुल आठ अचल संपत्तियों जिनमें भूमि के टुकड़े और आवासीय फ्लैट शामिल हैं को कुर्क किया गया है. जांच एजेंसी का कहना है कि ये संपत्तियां आरोपियों ने अपराध से अर्जित धन से अपने रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी थीं.
ईडी का आरोप है कि जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहनकर्ताओं से प्रति टन ₹25 की दर से अवैध वसूली की गई.
एजेंसी के मुताबिक, निजी व्यक्तियों का एक समूह वरिष्ठ नेताओं और नौकरशाहों की कथित मिलीभगत से एक संगठित रैकेट के रूप में काम कर रहा था, जिसके जरिए करीब ₹540 करोड़ की अवैध वसूली की गई.
हालांकि कांग्रेस पार्टी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है और कहा है कि उनकी सरकार को बदनाम करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है.