छत्तीसगढ़ में कॉलेज प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़कर 5 सितंबर
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सभी शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश की समयसीमा को बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि को 14 अगस्त 2025 से बढ़ाकर 5 सितंबर 2025 कर दिया है.
यह निर्णय उन विद्यार्थियों के लिए राहत भरा है, जो पहले निर्धारित समय में प्रवेश नहीं ले पाए थे.
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है, ताकि रिक्त सीटों को भरा जा सके और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर मिल सके.
विभाग ने इस आदेश की जानकारी सभी विश्वविद्यालयों, शासकीय महाविद्यालयों और संबंधित अधिकारियों को भेज दी है.
छात्रों और अभिभावकों ने इस फैसले का स्वागत किया है.
उनका कहना है कि इस निर्णय से हजारों विद्यार्थियों को लाभ होगा और उनका भविष्य उज्जवल होगा.
अब विद्यार्थी 5 सितंबर 2025 तक बिना किसी परेशानी के कॉलेजों में प्रवेश ले सकेंगे.