छत्तीसगढ़: UCC मसौदा तैयार करने को समिति की पहली बैठक संपन्न
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लागू करने की दिशा में राज्य सरकार ने कदम तेजी से आगे बढ़ा दिए हैं. इस प्रस्तावित कानून का मसौदा तैयार करने के लिए गठित पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति की पहली बैठक शुक्रवार को रायपुर में संपन्न हुई.
सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में हुई इस प्रारंभिक बैठक में कानून के प्रस्तावित ढांचे और ड्राफ्टिंग की आगामी रूपरेखा पर दो घंटे से अधिक समय तक विस्तृत मंथन किया गया.
इस बैठक की सबसे प्रमुख उपलब्धि जनता की राय को शामिल करने का निर्णय रहा. समिति ने सर्वसम्मति से तय किया है कि सिफारिशों को अंतिम रूप देने से पहले आम नागरिकों से सुझाव, दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी.
इसके लिए जल्द ही एक समर्पित पोर्टल ‘cgucc.com’ शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से राज्य का कोई भी नागरिक अपनी बात रख सकेगा.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि समिति की अंतिम रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य सरकार आगामी शीतकालीन सत्र में यूसीसी विधेयक को विधानसभा में पेश करने का इरादा रखती है.
यदि यह कानून पारित हो जाता है, तो उत्तराखंड, गुजरात, असम और मध्य प्रदेश के बाद छत्तीसगढ़ देश का पांचवां ऐसा राज्य बन जाएगा जिसने समान नागरिक संहिता लागू करने या उसकी प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है.
समान नागरिक संहिता का मुख्य उद्देश्य धर्म या समुदाय से परे जाकर विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, गोद लेने और संपत्ति जैसे नागरिक मामलों में सभी के लिए एक समान कानूनी ढांचा तैयार करना है.
सरकार का दावा है कि इससे नागरिक कानूनों में एकरूपता आएगी, जटिल प्रक्रियाएं सरल होंगी और विशेष रूप से लैंगिक समानता को बढ़ावा मिलेगा. हालांकि, आदिवासी बहुल राज्य होने के कारण छत्तीसगढ़ में यह देखना बेहद दिलचस्प और महत्वपूर्ण होगा कि प्रस्तावित कानून के दायरे से स्थानीय जनजातीय समुदाय को बाहर रखा जाता है या नहीं.