बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: कांग्रेस ने चंपत राय की गिरफ्तारी की मांग

C

CG Khabar

12 जुल. 2026, 12:07 AM 2 मिनट में पढ़ें 14

चंपत राय
चंपत राय

रायपुर । संवाददाता: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. शनिवार को रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय 'राजीव भवन' में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य और मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर जनता की धार्मिक आस्था का राजनीतिक व वित्तीय लाभ के लिए दुरुपयोग करने का गंभीर आरोप लगाया.


कमलेश्वर पटेल ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार किए जाने पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि इन इस्तीफों से साफ है कि यह महज कोई प्रशासनिक फेरबदल नहीं, बल्कि एक बहुत बड़ा वित्तीय घोटाला है. 

विज्ञापन


कांग्रेस ने मांग की है कि इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज कर चंपत राय, अनिल मिश्रा और अन्य संबंधित लोगों को गिरफ्तार किया जाए. इसके साथ ही, ट्रस्ट को मिले दान, चढ़ावे, जमीन की खरीद-फरोख्त और आयोजनों पर हुए खर्च का एक स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाना चाहिए.


पटेल ने यह भी खुलासा किया कि एक विशेष जांच दल (SIT) पहले से ही ट्रस्ट के भारी-भरकम खर्चों की जांच कर रहा है. इसमें 22 जनवरी 2024 को आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर खर्च हुए 113 करोड़ रुपये (जिसमें 8,000 अतिथि शामिल हुए थे) और 25 नवंबर 2025 को हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम में खर्च हुए 10.12 करोड़ रुपये की जांच शामिल है. 


कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई करना और किश्तों में इस्तीफे दिलाना, असल में पर्दे के पीछे बैठे प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश है.


इस दौरान छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने भी भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर आंदोलन के शुरुआती वर्षों में 'रामशिला पूजन' के नाम पर देशभर से 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई गई थी, जिसका हिसाब आज तक भाजपा और आरएसएस ने नहीं दिया है.


कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वर्तमान राम मंदिर ट्रस्ट को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाए और इसके स्थान पर एक नए निकाय का गठन हो, जिसमें प्रतिष्ठित धार्मिक गुरुओं, प्रशासनिक विशेषज्ञों और स्वतंत्र सदस्यों को शामिल किया जाए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP