छत्तीसगढ़ के फर्जी निवास प्रमाण पत्र से CRPF में भर्ती
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सशस्त्र बलों में कम कटऑफ का फायदा उठाने के लिए चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. सुरक्षा बलों (CRPF) में गलत तरीके से नौकरी पाने के इस खेल में शामिल मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है. ये आरोपी दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर छत्तीसगढ़ के फर्जी निवास प्रमाण पत्र तैयार करवाते थे.
मामले का खुलासा तब हुआ जब जगदलपुर की 204 कोबरा बटालियन में तैनात जवान सुमित सिंह के दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें उसका स्थानीय निवास प्रमाण पत्र पूरी तरह जाली पाया गया. मूल रूप से राजस्थान के धौलपुर का रहने वाला सुमित साल 2023 में एसएससी के जरिए छत्तीसगढ़ कोटे से भर्ती हुआ था.
बलरामपुर के तहसीलदार सुनील कुमार गुप्ता द्वारा ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से बने इस संदेहास्पद दस्तावेज की शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस एक्शन में आई. जांच में सामने आया कि किसी अन्य स्थानीय व्यक्ति (विशाल सोनी) के शैक्षणिक कागजातों में हेरफेर करके सुमित का फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किया गया था.
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जब सुमित को हिरासत में लिया, तो इस पूरे नेक्सस की परतें खुलती चली गईं.
पुलिस की तफ्तीश में इस रैकेट का मुख्य सूत्रधार विवेक सिंह तोमर (24 वर्ष) निकला, जो मूलतः मध्य प्रदेश के मुरैना का निवासी है. विवेक अपने साथियों के साथ मिलकर ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर दूसरों के दस्तावेजों में डिजिटल छेड़छाड़ करता था और ऑनलाइन आवेदन जमा कराकर फर्जी सर्टिफिकेट हासिल कर लेता था.
पुलिस ने विवेक के साथ उसके साथी आकाश सिंह को रायपुर से दबोचा. चौंकाने वाली बात यह है कि आकाश ने तो बलरामपुर के पते पर 'तुकेश्वर' नाम से फर्जी पहचान पत्र और पैन कार्ड तक बनवा रखे थे. इस काम में उनकी मदद करने वाले राजनांदगांव के ओमप्रकाश चंद्रवंशी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने राजनांदगांव के डोंगरगढ़ और बलरामपुर तहसील कार्यालयों का उपयोग कर करीब 20 से 25 फर्जी निवास प्रमाण पत्र जारी करवाए थे.
पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि बाहरी राज्यों के युवाओं को छत्तीसगढ़ का निवासी दिखाने के बदले यह गिरोह प्रति व्यक्ति 3 से 4 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम वसूलता था.
चूंकि छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ भर्ती का कटऑफ उत्तर प्रदेश, राजस्थान या मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के मुकाबले काफी कम रहता है, इसलिए बाहरी राज्यों के युवा इस गिरोह के जाल में फंसकर अवैध रास्ता चुन रहे थे.
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस फर्जीवाड़े के जरिए और कितने लोग देश के विभिन्न सशस्त्र बलों में नौकरी हासिल कर चुके हैं. Symbolic Photo.