छत्तीसगढ़ की बेटी श्वेता चौबे को उत्तराखंड में सम्मान
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की मूल निवासी आईपीएस अधिकारी श्वेता चौबे को उत्तराखंड में मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है.
79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया. इस वर्ष का समारोह तब और विशेष हो गया जब छत्तीसगढ़ की बेटी श्वेता चौबे को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा मेडल से नवाजा गया.
उत्तराखंड में बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य के लिए गठित विशेष टीम में श्वेता चौबे का नाम भी शामिल था.
श्वेता चौबे छत्तीसगढ़ के दिवंगत आईपीएस विजय शंकर चौबे की बेटी हैं, जो दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक थे और दो बार राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हुए थे.
बाद में उन्होंने छत्तीसगढ़ के डीजीपी के रूप में कार्यभार संभाला. स्वर्गीय डीजीपी विजय शंकर चौबे छत्तीसगढ़ के मूल निवासी थे और उन्होंने अपना पूरा जीवन छत्तीसगढ़ पुलिस को समर्पित किया. इस कारण श्वेता का बचपन भी दुर्ग और छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में बीता.
छत्तीसगढ़ में अपने बचपन के बाद, श्वेता ने यूकेपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण की और डीएसपी के रूप में सेवा शुरू की.
विभागीय पदोन्नति के बाद उन्हें आईपीएस का दर्जा प्राप्त हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपने कार्यों के आधार पर कई बड़े रिकॉर्ड बनाए.
पिछले साल, श्वेता चौबे को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार देने की घोषणा की गई थी, जिसे 26 जनवरी 2025 को उन्हें प्रदान किया गया. इस वर्ष, उन्हें उत्तराखंड में महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाए गए "ऑपरेशन पिंक" के लिए स्कॉच अवार्ड से सम्मानित किया गया. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर, उत्तराखंड सरकार ने उन्हें मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा मेडल से सम्मानित किया गया.